भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले बिहार के दो प्रमुख तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और आकाश दीप अब बिहार पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर सेवा देंगे. राजधानी पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों स्टार क्रिकेटरों को डीएसपी पद का नियुक्ति पत्र सौंपा.
ADVERTISEMENT
नियुक्ति पत्र लेने के दौरान दोनों युवा क्रिकेटरों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया, जो समारोह के दौरान आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा.
'मेडल लाओ नौकरी पाओ' योजना के तहत मिला सम्मान
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी 'मेडल लाओ नौकरी पाओ' योजना के तहत यह सम्मान प्रदान किया गया है. इस कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और राज्य का नाम रोशन करने वाले कुल 19 खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए.सरकारी नौकरी के साथ-साथ राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और खेल सम्मान राशि भी वितरित की गई.
अब तक 125 खिलाड़ियों को मिल चुकी है सरकारी नौकरी
समारोह को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी गई कि इस योजना के तहत इस वर्ष कुल 106 खिलाड़ियों को पहले ही सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं. शुक्रवार को दिए गए 19 नए नियुक्ति पत्रों के साथ अब तक कुल 125 प्रतिभावान खिलाड़ियों को सीधी सरकारी नौकरी से जोड़ा जा चुका है. राज्य सरकार का उद्देश्य खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देना है, ताकि बिहार के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर और बेहतर प्रदर्शन कर सकें.
ADVERTISEMENT


