'शिक्षक नहीं, शिक्षा के नाम पर कलंक हैं...', खान सर और रोशन आनंद पर भड़के गुरु रहमान, गिरफ्तारी की मांग

Guru Rahman on Patna Coaching Attack: पटना कोचिंग विवाद में गुरु रहमान का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने खान सर और रोशन आनंद को शिक्षा जगत पर कलंक बताते हुए दोनों की गिरफ्तारी की मांग की है. जानिए क्या हैं आरोप, छात्रों को लेकर उठाए गए सवाल, गोलीबारी विवाद, कोचिंग संस्थानों की लड़ाई और पूरे मामले की ताजा अपडेट.

Guru Rahman
Guru Rahman

आशीष अभिनव

follow google news

बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच उपजा विवाद अब बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है. प्रख्यात शिक्षक गुरु रहमान ने चर्चित शिक्षक खान सर और रोशन आनंद पर बेहद तीखा हमला बोला है. गुरु रहमान ने दोनों को शिक्षक मानने से साफ इनकार करते हुए उन्हें शिक्षा जगत के नाम पर कलंक करार दिया है. उन्होंने पटना के सीनियर एसपी (SSP), बिहार के डीजीपी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मांग की है कि इस पूरे मामले में खान सर और रोशन आनंद दोनों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए. उनका कहना है कि जब तक इन लोगों की नौटंकी बंद नहीं होगी, तब तक कोचिंग जगत का यह विवाद शांत नहीं होने वाला है.

Read more!

मासूम बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप

गुरु रहमान ने कोचिंग संचालकों पर छात्रों को गुमराह करने और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार नारा देती है कि 'पढ़ेगा बिहार, बढ़ेगा बिहार', वहीं दूसरी तरफ ये लोग मासूम बच्चों को दिग्भ्रमित कर रहे हैं. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि NEET और JEE की तैयारी करने वाले छोटे-छोटे मासूम बच्चों को सड़कों पर खड़ा करके उनसे 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे लगवाए जा रहे हैं, जो कि पूरी तरह से गलत है. रहमान के मुताबिक, यह शिक्षकों का काम नहीं है और इस तरह के कृत्यों से शिक्षा के स्तर में भारी गिरावट आ रही है.

खान सर के बयानों पर उठाए सवाल, नौटंकी बंद करने की नसीहत

वीडियो में गुरु रहमान ने खान सर के बयानों में विरोधाभास होने का दावा करते हुए उन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि खान सर पहले तो यह बयान देते हैं कि उनके सामने आठ राउंड गोलियां चलीं, लेकिन सुबह होते ही वह अपने बयान से पलट जाते हैं और कहते हैं कि कोई केवल गेट खटखटा रहा था.

गुरु रहमान ने इसे पूरी तरह से नौटंकी करार दिया है. उन्होंने दोनों की तुलना भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से करते हुए कहा कि खान सर और रोशन आनंद शिक्षा जगत के 'पवन सिंह और खेसारी लाल' बने हुए हैं. उन्होंने प्रशासन की ढिलाई पर भी सवाल उठाए और कहा कि 5000 बच्चों की भीड़ जुटने पर अगर कोई भगदड़ मच जाए, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है, लेकिन एडमिनिस्ट्रेशन इसे नहीं देख रहा है.

कोचिंग स्टाफ पर जानलेवा हमले और ईर्ष्या के पीछे का सच

कोचिंग संस्थान में हुई हालिया हिंसक घटना और तोड़फोड़ को लेकर वहां मौजूद अन्य कर्मियों ने बताया कि इस मामले में नामजद एफआईआर दर्ज करा दी गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है. संस्थान के सूत्रों के अनुसार, उनके ऊपर पहले भी हमले हो चुके हैं, जिसमें साल 2019 में बमबाजी और इसी साल जनवरी में गेट तोड़े जाने की घटना शामिल है. 

मार्च महीने में भी स्कॉर्पियो या थार गाड़ी से रात के वक्त उनके गेट को टक्कर मारकर तोड़ दिया गया था, जिसे उन्होंने सामान्य समझकर छोड़ दिया था. लेकिन इस बार गार्ड पर बेहद निर्मम तरीके से जानलेवा हमला किया गया, जिसे स्थानीय लोगों ने बमुश्किल बचाया. इस पूरे विवाद की मुख्य वजह सामने लाते हुए कहा गया कि कम फीस में हजारों बच्चों का सिलेक्शन होना कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा है. शिक्षा के भेष में छिपे व्यापारियों को इस बात से ईर्ष्या है कि इतने कम पैसों में इतने बेहतर परिणाम कैसे आ रहे हैं, जिसके कारण इस पूरे नेक्सेस द्वारा जानबूझकर ऐसी हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है.

यहां देखें वीडियो

'खान कर रहा है साजिश...', पटना कोचिंग विवाद में हिरासत में लिए गए रौशन आनंद का फूटा गुस्सा, दी सफाई

    follow google news