जमुई में इस वक्त दो परिवारों के बीच हंगामा मचा है. ये दोनों परिवार आपस में रिश्तेदार हैं. यूं कहें तो दोनों परिवार सगे भाई और बहन का है. बवाल इसलिए मचा है क्योंकि भाई की लड़की ने बहन के जेठ की लड़की से मंदिर में जाकर चुपके चोरी शादी रचा ली है. भाई की लड़की नयनश्री BPSC टीचर है जो 22 साल की है. इसी उम्र में बहन के जेठ की लड़की राखी है. दोनों ने एक साथ पढ़ाई की है. दोनों रिश्ते में ममेरी और फुफेरी बहन हैं. परिवार के लोग तब और चौंक गए जब पता चला कि राखी ने दिल्ली जाकर जेंडर चेंज करा लिया है और वो अब राहुल बन चुकी है.
ADVERTISEMENT
क्या है राखी ऊर्फ राहुल और नयनश्री के प्यार की कहानी
ये मामला लक्ष्मीपुरा वार्ड का है. यहां के निवासी राजेश कुमार ने बताया राहुल उर्फ राखी कुमारी और नयनश्री कुमारी बचपन से एक दूसरे को जानती थीं. नयनश्री की चाची और राहुल के पिता भाई बहन है. दोनों लड़कियां एक दूसरे के घर आना जाना होता था. दोनों का बचपन भी अधिकतर साथ ही बीता. दोनों के बीच आपसी प्रेम को देखकर किसी को भनक तक नहीं लगी कि उनके बीच कुछ और ही चल रहा है. साल 2019 में नयनश्री और राहुल ने एक साथ मैट्रिक पास किया. इसके बाद 11वीं 12वीं की पढ़ाई के लिए कोचिंग ली. यहां से इनके बीच प्यार पनपना शुरू हुआ.
दोनों BPSC की तैयारी करने लगीं
बताया जा रहा है कि 2023 में नयनश्री और राखी (अब राहुल) ने फैसला लिया कि वह बीपीएससी टीचर बनेंगी. इसके लिए दोनों पटना जाकर तैयारी करना चाहती थीं. चूंकि दोनों लड़कियां थीं इसलिए परिवार के लोगों को किसी बात की आशंका नहीं हुई. दोनों को पटना भेज दिया गया. यहां दोनों साथ रहने लगीं. साल 2025 में नयनश्री ने बीपीएससी की परीक्षा पास कर ली. इसके बाद उसका सिलेक्शन TRE 3 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत हो गया. नयनश्री लक्ष्मीपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मेदनीपुर में पदस्थ हो गई.
दोनों चाहते थे...एक पति बने दूसरी पत्नी
चूंकि दोनों लड़कियां ही थीं पर दोनों चाहते थे कि इस रिलेशन में एक पति बने और दूसरी पत्नी. नयनश्री अपना जेंडर चेंज नहीं करा सकती थी क्योंकि उसकी नौकरी में दिक्कत आ जाती. ऐसे में राखी ने जेंडर चेंज कराने का फैसला किया. बीपीएससी शिक्षिका ने बैंक से अपने नाम पर 8 लाख का लोन लिया था. इधर राखी परिवार वालों को बिना बताए दिल्ली चली गई. जानकारी के मुताबिक उसने दिल्ली एम्स में भर्ती होकर अपना जेंडर चेंज कराया. ऑपरेशन के बाद वो एक महीने तक एडमिट रही. जब घर लौटी तब भी परिजनों को भनक नहीं लगी.
दोनों ने लक्ष्मीपुर स्थित पटेश्वर नाथ मंदिर में सादगी के साथ शादी कर ली. विवाह के दौरान सीमित संख्या में लोग मौजूद थे. मंदिर में वरमाला और अन्य धार्मिक रस्मों के बाद दोनों ने एक दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया. शादी के बाद दोनों राखी उर्फ राहुल के गांव पहुंचे. जहां हिंदू परंपरा के अनुसार कई रस्में भी निभाई गईं. इन रस्मों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. जिसके बाद या मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है.
पुलिस बोली- दोनों बालिग हैं
इधर परिवार में किसी ने शादी की सूचना पर पुलिस को फोन कर दिया. पुलिस मौके पर पहुंची. फिर पुलिस ने कहा कि दोनों बालिग है और अपनी इच्छा से विवाह करने के लिए स्वतंत्र है. पुलिस पीछे हट गई पर दोनों परिवारों के बीच मामला सुलझने की बजाय उलझ गया. राखी की बड़ी बहन रेणू ने बताया कि रविवार की रात में नयनश्री के माता-पिता घर आए. उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया. वे लोग इस शादी को स्वीकार करने के लिए राजी नहीं थे. वे हंगामा करते हुए घर का गेट तोड़ने लगे. जैसे-तैसे हमने राखी (राहुल) और में नयनश्री को पीछे के दरवाजे से भगा दिया. फिलहाल दोनों कहां हैं इसके बारे में जानकारी नहीं है.
राखी बोली- मोबाइल खरीदने जा रही हूं, उधर से दुल्हन ले आई
राखी से राहुल बनी की बड़ी बहन रेणु कुमारी ने बताया कि परिवार को पहले से शादी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. 31 मई की सुबह राखी (जो राहुल बन गई है) घर से यह कहकर निकली कि वह मोबाइल खरीदने जा रही है. बाद में परिवार को जानकारी मिली कि उसने नयनश्री से मंदिर में शादी कर ली. रेनू के अनुसार उसे शादी के बारे में पहले कुछ नहीं बताया गया था. जब दोनों ने शादी के बाद घर पहुंचे फिर शादी की जानकारी दी.
परिजन सुशीला देवी ने बताया कि उन्हें भी विवाह की जानकारी बाद में फोन के माध्यम से मिली. दोनों ने खुद जानकारी नहीं दी. तब तक परिवार को उनके विवाह के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. दोनों लंबे समय से एक दूसरे के संपर्क में थे, लेकिन परिवार को उनके प्रेम संबंध की भनक नहीं लगी. दोनों लड़की हैं इसलिए उन्हें कभी शक नहीं हुआ.अगर लड़का लड़की होते तो परिवार वाले ध्यान देते.
ADVERTISEMENT


