राइज एंड फॉल 2 में काजल राघवानी का झलका दर्द, आम्रपाली दुबे पर लगाए गंभीर आरोप

रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी ने आम्रपाली दुबे और निरहुआ का नाम लिए बिना बड़ा खुलासा किया. काजल ने आरोप लगाया कि उन्हें फिल्मों से निकलवाया गया और हिट गानों को छीन लिया गया.

NewsTak
Google CTA

भोजपुरी सिनेमा की दो सबसे दिग्गज और लोकप्रिय अभिनेत्रियों के बीच वर्षों से चली आ रही 'कोल्ड वॉर' अब ऑन-कैमरा खुलकर सामने आ गई है. रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ (Rise and Fall Season 2) में भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए इंडस्ट्री के कई चौंकाने वाले राज उजागर किए हैं. भले ही काजल ने सीधे तौर पर किसी का नाम लेने से परहेज किया, लेकिन उनका इशारा साफ तौर पर आम्रपाली दुबे और पावरफुल स्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' की तरफ था.

Read more!

सारा गुरपाल के सवाल पर छलका काजल का दर्द

शो के दौरान पंजाबी अभिनेत्री सारा गुरपाल ने काजल से बहुत ही सीधा सवाल पूछा— 'क्या कभी तुम्हारा और आम्रपाली का झगड़ा हुआ या कभी साथ काम किया?' इस सवाल का जवाब देते हुए काजल राघवानी अपने जज्बातों पर काबू नहीं रख सकीं. उन्होंने खुलासा किया कि एक दौर ऐसा था जब उन्हें बिना कोई वजह बताए एक के बाद एक कई बड़ी फिल्मों से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था. काजल ने दावा किया कि जब उन्होंने इस बात की गहराई से छानबीन की, तो उन्हें पक्की जानकारी मिली कि उन्हें फिल्मों से हटवाने के पीछे कोई और नहीं, बल्कि आम्रपाली दुबे ही थीं.

'फिल्म का हिट गाना भी अपने नाम करवा लेती थीं'

काजल राघवानी ने सिर्फ फिल्मों से निकाले जाने का ही आरोप नहीं लगाया, बल्कि गानों के क्रेडिट छीने जाने का भी गंभीर आरोप मढ़ा. काजल ने कहा:

वह जिनके साथ रेगुलर काम करती हैं, वह एक बहुत बड़े एक्टर हैं. इसलिए वह उनकी ज्यादातर फिल्में करती हैं. मुझे कई फिल्मों से बेवजह निकाला गया. मेरे पास यह खबर पक्की होकर आई कि हां, इन्होंने ही मुझे निकलवाया है. हद तो तब हो जाती थी जब मैं कोई फिल्म कर रही होती थी और उसमें कोई गाना बहुत हिट या अच्छा बन जाता था, तो वह उस गाने को अपने ऊपर शिफ्ट करवा लेती थीं. मेरे साथ यही सब होता रहा.

निरहुआ का नाम लिए बिना कसा तीखा तंज
भोजपुरी पर्दे पर आम्रपाली दुबे और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' की जोड़ी को सबसे मजबूत और हिट माना जाता है. काजल ने निरहुआ का नाम तो नहीं लिया, लेकिन तंज कसते हुए कहा कि आम्रपाली के पीछे एक बड़े स्टार का वरदहस्त था. उन्होंने आगे कहा:

आपके पीछे एक बड़ा स्टार खड़ा है, इसलिए आप ये सब पावर दिखा पा रही हैं. मेरे पीछे कोई नहीं था, इसलिए मैं ऐसा नहीं कर पाई. जब मैंने इस अन्याय पर अपनी आवाज उठाई, तो लोगों को मिर्ची लग गई और वे मुझसे बुरा मान गए.

अब बिग बॉस के घर से आम्रपाली के जवाब का इंतजार

दिलचस्प मोड़ यह है कि जिस वक्त काजल राघवानी 'राइज एंड फॉल 2' के मंच से यह तीखे आरोप लगा रही हैं, ठीक उसी समय आम्रपाली दुबे सलमान खान के बहुचर्चित शो 'बिग बॉस 20' के घर में बतौर कंटेस्टेंट बंद हैं. भोजपुरी सिनेमा के करोड़ों दर्शक और फैंस अब इसी बात के इंतजार में हैं कि जब आम्रपाली 'बिग बॉस' के घर से बाहर आएंगी और उन्हें काजल के इन गंभीर आरोपों की भनक लगेगी, तो उनकी तरफ से क्या पलटवार देखने को मिलता है.

Bihar Daroga Recruitment: मुख्य परीक्षा रद्द होने के बाद तीन मोर्चों पर घिरी सरकार, जिम्मेदारी तय होने का सवाल अब भी कायम