बिहार के कटिहार जिले से खाकी को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है. डायल 112 (Dial 112) की गश्ती गाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों का सड़क पर 50 रुपये की रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने और मामला सच पाए जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. कटिहार एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दो पुलिसकर्मियों और गाड़ी के चालक के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT
शादी में ले जा रहे थे गाय, रोककर मांगे रुपए
यह पूरा वाकया कदवा थाना क्षेत्र के कुम्हरी के समीप का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो लगभग 2 मिनट 44 सेकेंड का है. मिली जानकारी के अनुसार, एक पिकअप (मिनी ट्रक) पर एक गाय, उसका बछड़ा और एक बकरी लदी हुई थी. पिकअप सवार युवक का कहना है कि यह गाय उसकी बहन की शादी में दहेज (उपहार) के रूप में देने के लिए ले जाई जा रही थी और इसका पशु तस्करी से कोई लेना-देना नहीं था. हाईवे पर गश्त कर रही कदवा थाने की डायल 112 की गाड़ी ने पिकअप को रोका और पशु ले जाने के बदले अवैध रकम की मांग की.
50 रुपये लेते कैमरे में रिकॉर्ड हुई करतूत
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पिकअप के चालक ने वाहन में बैठे अन्य लोगों से 50 रुपये का नोट लिया और पुलिसकर्मी को थमा दिया. गाड़ी में सवार युवक ने मोबाइल से चुपके से इस पूरी घूसखोरी का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया.
SP के निर्देश पर जांच, आरोप सही पाए जाने पर गिरी गाज
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के पुलिस अधीक्षक (SP) परिचय कुमार ने तुरंत जांच के आदेश दिए. जांच का जिम्मा ट्रैफिक DSP सद्दाम हुसैन को सौंपा गया. जांच अधिकारी ने जब वायरल वीडियो और घटनास्थल की पड़ताल की, तो पुलिसकर्मियों पर लगाए गए वसूली के आरोप पूरी तरह सही पाए गए.
एफआईआर दर्ज, तीनों सस्पेंड
जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ कदवा थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की और उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. कार्रवाई की जद में आए पुलिसकर्मी, PTC/1463 टिंकू कुमार, सिपाही/431 अभिमन्यु कुमार, चालक अर्जुन यादव. इन तीनों को कटिहार जिले से हटाकर वापस AWPO दानापुर (मुख्यालय बिहार एवं झारखंड) भेज दिया गया है.
विभागीय कार्रवाई की तैयारी
ट्रैफिक डीएसपी सद्दाम हुसैन ने बताया कि 29 सितंबर को यह वीडियो सामने आया था. प्राथमिक जांच में रिश्वतखोरी की बात सच साबित हुई है. तीनों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है और अब नियमानुसार आगे की कड़ी विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. दिनदहाड़े सड़क पर 50 रुपये के लिए खाकी की गरिमा तार-तार करने वाले इस वाकये ने एक बार फिर गश्ती पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अनंत सिंह ने अनुज सिंह के समर्थन में निकाली आशीर्वाद यात्रा, कहा- इतना वोट दीजिए कि पेटी भर जाए
ADVERTISEMENT


