कटिहार में एक पति पर दो पत्नियों का दावा, सड़क पर घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

ऋचा शर्मा

• 01:18 PM • 11 Aug 2026

कटिहार में एक पति को लेकर दो महिलाओं के बीच सड़क पर घंटों हाई-वोल्टेज ड्रामा चला. दोनों महिलाएं विक्की रविदास को अपना पति बताते हुए उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करती रहीं.

NewsTak
Google CTA

बिहार के कटिहार में एक पति को लेकर दो महिलाओं के बीच ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. जिसे देखने के लिए पूरे मोहल्ले की भीड़ जमा हो गई. दोनों महिलाएं विक्की रविदास को अपना पति बताते हुए उसे अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ी रहीं. कभी एक महिला पति का हाथ पकड़कर अपनी तरफ खींचती, तो कभी दूसरी महिला उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करती नजर आई.

Read more!

मामला कटिहार के नगर थाना क्षेत्र के रोजितपुर मोहल्ले का है. यहां मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर निवासी विक्की रविदास को लेकर उसकी पत्नी प्रियंका और एक अन्य महिला मुन्नी आमने-सामने आ गईं. सड़क पर घंटों तक चले इस ड्रामे को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

पति पर पहली पत्नी ने जताया हक

जानकारी के मुताबिक विक्की रविदास की शादी करीब डेढ़ साल पहले प्रियंका से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के बाद विक्की रोजगार के सिलसिले में कटिहार के रोजितपुर में किराए का कमरा लेकर रहने लगा था.

प्रियंका को अपने पति की गतिविधियों पर शक हुआ. इसके बाद उसने विक्की का पीछा किया और रोजितपुर स्थित उसके किराए के कमरे तक पहुंच गई. प्रियंका का दावा है कि वहां उसने विक्की को मुन्नी के साथ पकड़ लिया. इसके बाद मामला सड़क पर पहुंच गया और दोनों महिलाओं के बीच विवाद शुरू हो गया.

जमीन पर लेटी, पति से लिपटी और जान देने की बात कही

वायरल हो रहे वीडियो में प्रियंका अपने पति को अपने साथ ले जाने की कोशिश करती नजर आती है. वह कभी विक्की का हाथ पकड़ती है, तो कभी जमीन पर लेटकर रोने लगती है. एक मौके पर वह ऑटो में बैठे विक्की के सामने अपना सिर टकराने और जान दे देने की बात भी कहती नजर आई.

प्रियंका का कहना है कि उसे अपने पति के मोबाइल पर किसी महिला से लगातार बातचीत करने का शक था. जब उसने विक्की से इस बारे में पूछा तो उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. प्रियंका के मुताबिक, बाद में उसे पता चला कि विक्की ने रोजितपुर में कमरा ले रखा है और वहां एक छह बच्चों की मां से बातचीत करता है.

दूसरी महिला ने भी विक्की को बताया अपना पति

वहीं मुन्नी ने भी विक्की पर अपना हक जताया. मुन्नी के मुताबिक, विक्की पिछले करीब पांच साल से उससे बातचीत करता था. उसने बताया कि उसका पहला पति शराब पीता है और उसके साथ मारपीट करता है तथा कई बार उसे घर से निकाल देता है. मुन्नी का दावा है कि विक्की ने उससे शादी करने की इच्छा जताई थी.
उसने शुरुआत में शादी से इनकार किया, क्योंकि उसके छह बच्चे हैं. मुन्नी के मुताबिक, इसके बाद विक्की ने जान देने की बात कही और दोनों को साथ रखने का भरोसा दिया.मुन्नी का दावा है कि इसके बाद दोनों ने किराए के कमरे में ही शादी की. उसने सिंदूर लगाकर शादी करने का वीडियो होने की बात भी कही.

 

विक्की ने कहा- दोनों को साथ रखेंगे

इस पूरे विवाद के बीच विक्की रविदास ने भी दोनों महिलाओं के साथ रहने की बात कही. विक्की के मुताबिक, उसकी पहली शादी प्रियंका से हुई है, जबकि मुन्नी के साथ उसने किराए के कमरे में शादी की है. विक्की ने कहा कि वह दोनों को अपने साथ रखना चाहता है और दोनों को लेकर घर जाएगा.
हालांकि प्रियंका ने दूसरी महिला को अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया. वह लगातार रोती रही और दूसरी महिला को स्वीकार नहीं करने की बात कहती रही.

मोहल्ले वालों ने समझाकर कराया मामला शांत

दोनों महिलाओं के बीच काफी देर तक चले विवाद के दौरान मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे और तीनों को समझाने की कोशिश करते रहे. आखिरकार स्थानीय लोगों ने किसी तरह दोनों महिलाओं और विक्की को समझा-बुझाकर शांत कराया. इसके बाद विक्की के साथ उसकी पत्नी प्रियंका को वापस कुमारीपुर भेज दिया गया.

फिलहाल एक पति और दो महिलाओं से जुड़ा यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

9 साल के बेटे के सामने BPSC टीचर की हत्या, पति ने कहा- ‘आज सारा खेल खत्म कर दूंगा’, फिर सीने में मारी गोली