खगड़िया में मामूली बात में चाकूबाजी, दो लोगों की हत्या के बाद हड़कंप

इन्द्र मोहन

• 11:21 AM • 04 Sep 2026

खगड़िया के भरतखंड थाना क्षेत्र के खजरैठा गांव में रुपयों के लेन-देन के विवाद में दो चचेरे भाइयों की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान आनंद कुमार और गौरव कुमार के रूप में हुई है. दोनों को गंभीर हालत में परबत्ता CHC लाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन बेगूसराय ले जाने के दौरान दोनों की मौत हो गई.

Khagaria Murder News
Khagaria Murder News
Google CTA

बिहार के खगड़िया में रुपयों के लेन-देन का विवाद खूनी खेल में बदल गया. भरतखंड सहायक थाना इलाके के खजरैठा गांव में गुरुवार की रात दो युवकों की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. दोनों रिश्ते में चचेरे चाचा और भतीजे थे. वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ही परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.

Read more!

गुरुवार की रात अचानक मची चीख-पुकार

खगड़िया के खजरैठा गांव में गुरुवार की रात अचानक चीख-पुकार मच गई. गांव के काली मंदिर के पास दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया. हमले में करीब 20 साल के आनंद कुमार और 22 साल के गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए परबत्ता CHC लाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया. लेकिन बेगूसराय ले जाने के दौरान रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया.

पैसों के लेन-देन का मामला

दो युवकों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. परिवार के लोगों का आरोप है कि इस हत्या के पीछे रुपयों के लेन-देन का विवाद है. मृतकों के परिजनों के मुताबिक, गांव के ही पंकज चौधरी से पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. गुरुवार की सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बकझक हुई थी. बाद में पंचायत बैठी और मामला शांत हो गया. लेकिन परिवार का आरोप है कि उसी विवाद ने रात में खूनी रूप ले लिया. परिजनों के मुताबिक, रात में गौरव और आनंद गांव के काली मंदिर के पास घूम रहे थे. इसी दौरान पंकज चौधरी अपने बेटे और पत्नी के साथ वहां पहुंचा और दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

 घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज चौधरी, उसकी पत्नी और उसके बेटे सुमेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. मौके पर पहुंचे दारोगा अर्जुन प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और इसी विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है. मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

लोजपा विधायक बाबू लाल शौर्य भी सदर अस्पताल पहुंचे

वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद परबत्ता के लोजपा विधायक बाबू लाल शौर्य भी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि मामूली बात को लेकर यह घटना हुई है और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से देख रहा है. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच की जा रही है. रुपयों के विवाद से शुरू हुई कहासुनी आखिर दो जिंदगियों पर भारी पड़ गई. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अब जांच के जरिए ये साफ होना बाकी है कि आखिर वारदात की पूरी कहानी क्या थी और हत्या की नौबत कैसे आई.