खान सर की कोचिंग पर हमला करने वाले कौन? पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया ये नाम, फायरिंग के दावे पर भी बड़ा खुलासा

शशि भूषण कुमार

03 Jun 2026 (अपडेटेड: Jun 3 2026 10:32 AM)

Khan Sir Coaching Firing: पटना के कदमकुआं थाना इलाके में स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान पर बीती रात हुए हमले को लेकर पुलिस की शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस की शुरुआती जांच में हमला करने वाली उस संस्थान का नाम सामने आ गया है जिसके स्टाफ ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था.

खान सर की कोचिंग पर हमला करने वाले कौन?
खान सर की कोचिंग पर हमला करने वाले कौन?
Google CTA

Khan Sir coaching attack update: बिहार की राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर हुई वारदात में पुलिस की शुरूआती जांच में एक बड़ा मोड़ सामने आ गया है. पटना पुलिस ने भी कोचिंग के बाहर हमले को अंजाम देने वालों का नाम का खुलासा किया है. पुलिस का कहना है कि इस घटना को 15 से 20 लोगों ने मिलकर अंजाम दिया है. वहीं पुलिस ने किसी भी फायरिंग की घटना से इनकार किया है.

Read more!

गौरतलब है कि घटना के बाद खुद खान सर ने मीडिया के सामने गोलियां चलने का दावा किया था. लेकिन वे इसके कुछ समय बाद ही अपने बयान से पलट गए हैं. खान सर का कहना था कि घटना के समय वहां माहौल इतना ज्यादा तनावपूर्ण था कि वे स्थिति को सही तरीके से समझ नहीं पाए.

पुलिस ने बताया हमला करने वाले का नाम

खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि घटना 2 जून की रात की है. इस दिन करीब रात 10:10 बजे कदमकुआं इलाके में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों ने ईंट-पथराव और तोड़फोड़ की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने जब आसपास के लोगों से पूछताछ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला तो पता चला कि इस हमले के पीछे ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान का हाथ है. पुलिस के अनुसार ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान पटना से जुड़े 15 से 20 लोगों ने मिलकर इस पथराव और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया है.

सीसीटीवी फुटेज में नहीं हुई फायरिंग की पुष्टि

पटना पुलिस ने मामले को साफ करते हुए कहा है कि सीसीटीवी फुटेज में कहीं भी फायरिंग होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के मुताबिक दर्ज कराई गई एफआईआर में भी गोलीबारी का कोई आरोप नहीं लगाया गया है. यह पूरा मामला दो कोचिंग संस्थानों के बीच आपसी विवाद और तोड़फोड़ का है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में नामजद केस दर्ज कर लिया गया है और वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अलग-अलग जगहों पर छापामारी कर रही है.

शुरुआत में खान सर ने किया गोली चलने का दावा

खान सर के अनुसार, मंगलवार को रात 10 बजे के करीब उनकी ऑनलाइन बैच की क्लास चल रही थी. इसी बीच अचानक हमलावरों ने उनके संस्थान पर धावा बोल दिया. खान सर ने कहा कि वे खुद उस वक्त मौके पर मौजूद थे. उन्होंने दावा किया कि हमलावरों को 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई.इस पथराव और हमले में कोचिंग का एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसके सिर पर गहरी चोट लग गई थी. हालांकि बाद में इससे पलट गए थे. उनका कहना था कि घटना के समय माहौल ऐसा बन गया था कि उन्हें कुछ समझ ही नहीं आया.

यह भी पढ़ें: खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग हुई थी या नहीं? पुलिस के इस खुलासे ने पलट दी पूरी कहानी