बिहार के चर्चित शिक्षक और कोचिंग संचालक खान सर (फैजल खान) एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं. इस बार पटना के पीरबहोर थाने में उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक युवती ने उनके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराकर सनसनी फैला दी है. महिला का दावा है कि उसके पास खान सर से जुड़ी कई गुप्त जानकारियां हैं, जिसके कारण उसकी जान को खान सर से खतरा बना हुआ है.
ADVERTISEMENT
2017 से उत्पीड़न का आरोप और सुरक्षा की गुहार
थाने में दी गई शिकायत और 'बिहार तक' से बातचीत में पीड़िता ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि जब वह पहली बार पटना आई थी, तब से ही वह फैजल खान उर्फ खान सर को जानती है. महिला ने 2017 से ही खान सर पर मानसिक और अन्य तरह से परेशान करने का आरोप लगाया है. उसने पुलिस प्रशासन से अपनी जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है. पहले तो महिला की लिखित शिकायत थाने पहुंची थी, लेकिन बाद में उसने खुद मीडिया के सामने आकर अपने आरोपों की पुष्टि की.
खान सर का पलटवार: "यह सब फालतू की बात है
वहीं दूसरी तरफ, दैनिक भास्कर में छपी रिपोर्ट के अनुसार खान सर ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. खान सर का कहना है. "यह सब फालतू बात है. इस तरह की 20-25 बातें मेरे सामने हर दिन आती हैं, किस-किस पर ध्यान देंगे?" उन्होंने कहा कि उन्हें अमेरिका और दुबई तक से इस तरह की बातें सुनने और धमकियां मिलने के दावे किए जाते हैं. खान सर ने अपने बचाव में कहा कि इससे पहले भी उन पर हत्या कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए जा चुके हैं, लेकिन जांच में क्या निकला?
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पीरबहोर पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर ली है और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है. एक तरफ जहां पीड़िता मीडिया के सामने आकर गंभीर सवाल उठा रही है, वहीं दूसरी तरफ खान सर इसे अपनी छवि खराब करने का बेबुनियाद प्रयास बता रहे हैं.
फिलहाल जमानत पर हैं खान सर
बता दें कि फिलहाल खान सर फिलहाल जमानत पर है. न्यायालय में मामला विचाराधीन है. बीते दिनों कोचिंग विवाद में उनके खिलाफ पुलिस ने कदमकुआं थाने में केस रजिस्टर्ड किया था. उन पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने जानबूझकर दहशत फैलाने के इरादे से अपने गार्ड्स से फायरिंग कराई थी.
ADVERTISEMENT


