क्या खान सर के करीबी ही चला रहे थे गोलियां? पटना कोचिंग विवाद में नए वायरल वीडियो ने खड़े किए गंभीर सवाल

शशि भूषण कुमार

• 12:28 PM • 04 Jun 2026

Khan Sir Coaching Attack: पटना कोचिंग विवाद में नया मोड़ आ गया है. खान सर की कोचिंग पर कथित हमले और फायरिंग के मामले में एक नया वायरल वीडियो सामने आया है, जिसमें हथियार के साथ कुछ युवक नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे लोग खान सर के करीबी हैं. वहीं, खान सर के फायरिंग को लेकर दिए गए बयानों में विरोधाभास और पुलिस जांच ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं.

Khan Sir Coaching Attack New Viral Video
Khan Sir Coaching Attack New Viral Video
Google CTA

Patna Coaching Attack New Viral Video: पटना में खान सर की कोचिंग पर हुए कथित हमले का मामला अब गहराता जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब सोशल मीडिया पर फायरिंग का एक नया वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. इस वीडियो के सामने आने के बाद अब यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या खान सर के कोचिंग से जुड़े लोग ही इस पूरी घटना में शामिल थे? हालांकि, वायरल हो रहे इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इसने पुलिस और प्रशासन के सामने नई चुनौतियां पेश कर दी हैं. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.

Read more!

वायरल वीडियो और फायरिंग का दावा

सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें दो युवक खुलेआम हथियार के साथ फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे ये दोनों शख्स खान सर की कोचिंग से ही जुड़े हुए हैं. इतना ही नहीं, वीडियो में इन दोनों युवकों के साथ एक तीसरा व्यक्ति भी खड़ा दिखाई दे रहा है. सोशल मीडिया यूजर्स का आरोप है कि इस तीसरे व्यक्ति को पहले भी कई मौकों पर खान सर के साथ देखा गया है. इस वीडियो ने खान सर द्वारा किए गए दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है और मामले की दिशा बदल दी है.

खान सर के बयानों में विरोधाभास

मंगलवार रात को पटना स्थित खान सर की कोचिंग के बाहर भारी बवाल हुआ था. घटना के तुरंत बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में फायरिंग होने की बात स्वीकार की थी और कहा था कि वहां करीब 8-10 राउंड गोलियां चली हैं. उन्होंने बताया था कि उस समय अफरा-तफरी का माहौल था और टीचर क्लास ले रहे थे. लेकिन दिलचस्प बात यह है कि कुछ ही समय बाद खान सर अपने ही बयान से पलट गए. जब पत्रकारों ने दोबारा सवाल किए, तो उन्होंने गोलीबारी की घटना से साफ इनकार कर दिया. बयानों में इस बदलाव ने अब संदेह पैदा कर दिया है.

पुलिसिया कार्रवाई और हिरासत

घटना के बाद खान सर के कोचिंग स्टाफ की ओर से पुलिस में FIR दर्ज कराई गई थी. इसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को हिरासत में लिया था. मामला न्यायिक हिरासत तक पहुंच चुका है, लेकिन अब नए वायरल वीडियो ने पुलिस की जांच को एक नया एंगल दे दिया है. फिलहाल पुलिस ने इस वायरल वीडियो की सत्यता पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन जांच जारी है.

सीसीटीवी फुटेज और अनसुलझे सवाल

कोचिंग पर हमले का आरोप लगाने वालों के दावों के उलट, शुरुआती सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग जैसी कोई स्पष्ट तस्वीर नजर नहीं आई थी. अब सवाल यह उठता है कि अगर वीडियो में फायरिंग करने वाले लोग खान सर के करीबी हैं, तो क्या इस पूरे मामले को घुमाने की कोशिश की जा रही थी? वायरल वीडियो ने अब खान सर की चुप्पी और पुलिस की आगामी रिपोर्ट पर सबका ध्यान खींच लिया है. देखना होगा कि इस नए सबूत के सामने आने के बाद खान सर और पटना पुलिस की क्या प्रतिक्रिया रहती है.

यहां देखें पूरा वीडियो

'खान कर रहा है साजिश...', पटना कोचिंग विवाद में हिरासत में लिए गए रौशन आनंद का फूटा गुस्सा, दी सफाई