खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग हुई थी या नहीं? पुलिस के इस खुलासे ने पलट दी पूरी कहानी

शशि भूषण कुमार

03 Jun 2026 (अपडेटेड: Jun 3 2026 10:21 AM)

Khan Sir Coaching Firing News: पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर कथित फायरिंग के दावे ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. पहले गोलियां चलने की बात कहने वाले खान सर अब अपने बयान से पीछे हट गए हैं. वहीं पटना पुलिस ने जांच के बाद साफ किया है कि मौके पर फायरिंग नहीं हुई, बल्कि पथराव और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है.

अपने बयान से पलटे खान सर
अपने बयान से पलटे खान सर
Google CTA

Khan Sir Coaching Firing: बिहार की राजधानी पटना में बीती रात खान सर की कोचिंग के बाहर हुई कथित फायरिंग के मामले में एक बड़ा मोड़ा सामने आया है. शुरुआत में मीडिया के सामने अपनी कोचिंग के बाहर गोलियां चलने का दावा करने वाले खान सर अब अपने बयान से पूरी तरह पलट गए हैं. खान सर का अब कहना है कि घटना के वक्त  माहौल इतना ज्यादा तनावपूर्ण था कि वे स्थिति को सही तरीके से समझ नहीं पाए.  वहीं दूसरी तरफ पटना पुलिस ने भी कोचिंग के बाहर किसी भी तरह की फायरिंग की घटना से इनकार किया है.

Read more!

सबसे पहले जानिए क्या था मामला?

दरअसल, घटना बीती रात की है. खान सर के अनुसार मंगलवार देर रात करीब 10 बजे वे ऑनलाइन बैच की क्लास चल रहे थे. इस बीच अचानक हमलावरों ने उनकी कोचिंग पर हमला बोल दिया. खान सर का दावा था कि वे खुद उस वक्त मौके पर मौजूद थे. खान सर ने कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से हमलावरों को 8 से 10 राउंड गोलियां चलाते हुए देखा था. इस हमले में कोचिंग का एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसके सिर पर चोट लग गई थी.

दूसरे कोचिंग संचालक पर लगाया आरोप

खान सर ने इस पूरी घटना के पीछे पास में ही चलने वाले एक दूसरे कोचिंग संचालक का हाथ बताया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि पास वाले कोचिंग सेंटर के लोगों ने उन्हें दो दिन के भीतर कोचिंग को उड़ाने की धमकी दी थी. खान सर के मुताबिक वो बहुत कम फीस में बच्चों को अच्छी शिक्षा और बेहतर रिजल्ट देते हैं इसी वजह से यह बचकाना हरकत की गई है. घायल गार्ड ने भी हमलावरों की पहचान दूसरे कोचिंग के लोगों के रूप में की थी. खान सर ने दावा किया था कि हमलावरों के चेहरे सीसीटीवी में देख लिए गए हैं और नामजद एफआईआर भी करा दी गई है.

फिर अपने बयान से पलटे खान सर

हालांकि जब पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की और मौके पर फायरिंग का कोई सबूत नहीं मिला तो खान सर के सुर बदल गए. अपने नए बयान में खान सर ने कहा कि उस समय वहां ऐसा माहौल बन गया था कि कुछ समझ ही नहीं आया. उन्होंने मीडिया को वही बातें बताई थीं जो उनके सुरक्षा गार्ड ने उन्हें आकर दी थीं. खान सर ने कहा कि शुरुआती पल में उन्हें लगा था कि यह सब बहुत सामान्य है. पुलिस में जो एफआईआर दर्ज कराई गई है उसमें भी फायरिंग की बात नहीं लिखी गई है.

पटना पुलिस ने क्या कहा?

वही, पटना पुलिस ने इस मामले में गोलीबारी की घटना से साफ इनकार किया है. पुलिस ने कहा कि FIR में गोलीबारी का कोई आरोप नहीं लगाया गया है. पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 2 जून की रात करीब 10:10 बजे कदमकुआं थानांतर्गत खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान पर कुछ लोगों द्वारा ईंटा-पथराव एवं तोड़फोड़ की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई.  इस दौरान घटनास्थल पर आसपास के लोगों से पूछताछ करने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को चेक करने पर पता चला कि ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान, पटना से जुड़े 15 से 20 लोगों ने पथराव और तोड़फोड़ की है. वहीं, सीसीटीवी फुटेज में भी फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने कहा कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है.

यह भी पढ़ें: खान सर की कोचिंग पर हमला करने वाले कौन? पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया ये नाम, फायरिंग के दावे पर भी बड़ा खुलासा