Khan Sir on Prince Yadav Death: पटना के प्रसिद्ध ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. इस खबर के सामने आने के बाद सहरसा में रौशन आनंद के घर पर मातम पसरा हुआ है. उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस बीच अब इस पूरे मामले पर खान सर की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. इस घटना पर खान सर ने एक वीडियो जारी कर दुख जताया है. वहीं उधर कोचिंग विवाद मामले में जेल गए रौशन आनंद को जमानत मिल गई है. बताया जा रहा है कि वे आज सहरसा में अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे.
ADVERTISEMENT
प्रिंस यादव की मौत पर क्या बोले खान सर?
इस घटना पर खान सर ने एक वीडियो जारी किया है. उन्होंने प्रिंस की मौत पर दुख व्यक्त किया है. खान सर ने कहा कि अचानक से जब लोगों के फोन आने लगे कि रौशन सर के भाई की नेपाल में संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई है तो उन्हें कुछ पल के लिए इस बात पर बिल्कुल भरोसा नहीं हुआ. लेकिन जब उन्होंने खुद न्यूज देखी तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई और खबर देखने के बाद उनका दिल दहल गया. खान सर ने कहा कि इस कठिन दौर में उनकी पूरी संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है और वे परिवार की हर संभव मदद करने के लिए तैयार हैं.
खान सर को अंदेशा किसी तीसरे इंसान की है बड़ी साजिश
इस मामले में खान सर ने एक दावा करते हुए किसी तीसरे पक्ष की संलिप्तता की आशंका जताई है. उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना एक अजीब सा संयोग लग रही है. उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि इसमें कोई तीसरा इंसान इन्वॉल्व है. खान सर ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी खतरनाक और अमानवीय हरकत कौन कर सकता है? उन्होंने कहा कि पहले एक गार्ड का मामला था जो आपस में सुलझ सकता था, लेकिन उस मामले को जिस तरह बड़े लेवल पर तूल पकड़ाया गया और उसके ठीक बाद यह घटना सामने आई, इससे साफ है कि इसके पीछे कोई न कोई तीसरी साजिश जरूर काम कर रही है.
हिरासत में लिए गए पांच लोगों के नाम सार्वजनिक करने की मांग
खान सर ने पुलिस जांच और मीडिया रिपोर्टों में सामने आ रही बातों पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि खबरों में चल रहा है कि पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है, इसलिए सबसे जरूरी चीज ये है कि उन पांचों लोगों के नाम तुरंत सार्वजनिक किए जाएं. पुलिस को गहराई से जांच करनी चाहिए कि आखिर वो लोग कौन थे और प्रिंस यादव के साथ उस होटल में क्या कर रहे थे, कहीं वे दोस्त के रूप में कोई दुश्मन तो नहीं थे. खान सर ने जोर देकर कहा कि इस मामले में तीसरे एंगल पर जांच होना बेहद जरूरी है और जो भी दोषी पाया जाए, उसे फांसी से कम सजा नहीं मिलनी चाहिए.
ADVERTISEMENT


