खान सर-रोशन आनंद विवाद में नया CCTV फुटेज आया सामने... गोलियों की आवाज सुनते ही गर्ल्स हॉस्टल में मची थी भगदड़, देखें वीडियो

Khan Sir Patna: पटना के चर्चित खान सर और रोशन आनंद विवाद में अब नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. वीडियो में कथित फायरिंग के बाद गर्ल्स हॉस्टल में अफरा-तफरी और छात्राओं की भगदड़ दिखाई दे रही है. इस नए वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है और जांच जारी है.

खान सर-रोशन आनंद विवाद में नया CCTV वीडियो आया सामने
खान सर-रोशन आनंद विवाद में नया CCTV वीडियो आया सामने

सुजीत कुमार

follow google news

Khan Sir News: बिहार की राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर 2 जून रात हुई गोलीबारी का सोशल मीडिया पर एक नया सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है. वायरल हो रहे इस नए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही खान सर और रोशन आनंद के गार्ड्स के बीच विवाद बढ़ा, गोलियां चलने लगीं.

Read more!

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के हॉस्टलों में रह रहे छात्र-छात्राओं के बीच भगदड़ मच गई. विशेष रूप से गर्ल्स हॉस्टल के अंदर की तस्वीरें बेहद डराने वाली हैं. छात्राएं समझ नहीं पा रही थीं कि आखिर अचानक क्या हो गया है. वीडियो में छात्राएं इधर-उधर भागती और खुद को सुरक्षित करने की कोशिश करती नजर आ रही हैं.

क्या था पूरा विवाद?

खबरों के मुताबिक, 2 जून की रात खान सर के गार्ड और रोशन आनंद के गार्ड के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. आरोप है कि यह विवाद इतना बढ़ गया कि खान सर के इशारे पर उनके गार्ड्स ने फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा. सड़क पर सन्नाटा पसर गया, लेकिन हॉस्टलों के अंदर दहशत का माहौल था. छात्र खिड़कियों से झांकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बाहर गोलियां चल रही थीं.

कानूनी शिकंजे में दोनों दिग्गज

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया था, जो फिलहाल जेल में हैं. वहीं, खान सर पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी, लेकिन फिलहाल उन्हें कोर्ट से राहत (बेल) मिल गई है. रोशन आनंद की जमानत पर सुनवाई टल गई है, जिससे उनके समर्थकों में काफी मायूसी है.

नया वीडियो खोल रहा है राज

इससे पहले भी एक वीडियो सामने आया था जिसमें दोनों पक्षों के गार्ड्स के बीच झड़प देखी गई थी. लेकिन यह नया सीसीटीवी फुटेज खान सर के दावों पर सवालिया निशान लगा रहा है. वीडियो में गोलियों की आवाज साफ सुनी जा सकती है, जिससे स्पष्ट है कि फायरिंग कई राउंड हुई थी. पटना पुलिस अब इस नए फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है. अब देखना यह होगा कि कोर्ट में पेश होने वाले इन सबूतों के बाद इस हाई-प्रोफाइल केस में क्या नया मोड़ आता है.

यह भी पढ़ें: पटना में ज्वेलरी शॉप लूटने आई थीं दो लड़कियां, दुकानदार की सूझबूझ से दुकान में ही हो गईं लॉक; देखें वीडियो

    follow google news