Khesari Lal Yadav Statement on Student Protest: संसद मार्च के दौरान बीते सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राजनीति से लेकर सिनेमा जगत तक हलचल तेज हो गई है. इस घटना पर भोजपुरी एक्टर और मशहूर सिंगर खेसारी लाल यादव ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी है. मंगलवार को उन्होंने अपने एक्स हैंडल से एक वीडियो संदेश पोस्ट किया. इस वीडियो में खेसारी लाल काफी भावुक नजर आए और उन्होंने पुलिस प्रशासन व सरकार के रवैये पर कई गंभीर सवाल खड़े किए.
ADVERTISEMENT
प्रशासन से खेसारी ने पूछे चुभते सवाल
खेसारी लाल यादव ने अपने बयान में सीधे तौर पर पुलिस और प्रशासन को निशाने पर लिया. उन्होंने सवाल किया कि आज जो लोग छात्रों पर लाठियां बरसा रहे हैं, वे भी कभी न कभी स्टूडेंट रहे होंगे. उनके अपने बच्चे भी आगे चलकर छात्र बनेंगे. ऐसे में अगर उनके बच्चों के साथ कल को ऐसा ही व्यवहार किया जाए, तो उन्हें कैसा महसूस होगा? खेसारी ने जोर देकर कहा कि ये बच्चे सिर्फ अपने बेहतर भविष्य की मांग कर रहे हैं और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना कोई गुनाह नहीं है.
मेहनत और भविष्य चोरी होने का दर्द
वीडियो में अपनी बात रखते हुए खेसारी ने कहा कि जब किसी की गाढ़ी कमाई या धन चोरी होता है, तो बहुत दुख होता है. छात्रों के साथ भी आज ठीक वैसा ही हो रहा है. वे सालों-साल दिन-रात मेहनत करके पढ़ाई करते हैं ताकि कुछ बन सकें, लेकिन अचानक उनका भविष्य ही चोरी या लीक हो जाता है. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ पढ़ने वाले बच्चों की नहीं है, बल्कि उन अभिभावकों की भी है जो 20-25 सालों से खून-पसीना बहाकर अपने बच्चों को इस काबिल बनाते हैं. आज वे गार्जियन अपने बच्चों को लाठियां खाते देख दर्द महसूस कर रहे हैं.
पढ़े-लिखे समाज और सरकार से अपील
खेसारी लाल ने कहा कि समाज को हर क्षेत्र में पढ़ा-लिखा डॉक्टर, वकील और मास्टर चाहिए. ऐसे में जब विकल्प मिलता है, तो हमें पढ़े-लिखे लोगों को ही चुनना चाहिए ताकि वे शिक्षा की अहमियत और पढ़ाई में लगने वाले समय को समझ सकें. उन्होंने माना कि वे खुद ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं, लेकिन जब अपने बच्चों को घंटों पढ़ते देखते हैं, तो समझते हैं कि शिक्षा कितनी महंगी और अनमोल है. अंत में उन्होंने हाथ जोड़कर सरकार और प्रशासन से निवेदन किया कि बच्चों पर तरस खाएं, लाठी बरसाना बंद करें और उनकी मांगों को सुनकर इस लड़ाई को यहीं खत्म कराएं.
ADVERTISEMENT


