बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के बीच हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में एक नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया है. इस मामले में गिरफ्तार किए गए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद बेऊर जेल से बेल मिलने के बाद बाहर आ चुके हैं. जेल से बाहर निकलते ही उन्होंने मीडिया के सामने कई चौंकाने वाले दावे किए हैं और इस पूरे प्रकरण में खान सर उर्फ फैजल खान के साथ-साथ एक नया नाम भी घसीट लिया है. रोशन आनंद का सीधा आरोप है कि किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर एस प्रसाद और खान सर ने एक गहरी साजिश और झूठी रंजिश के तहत उन्हें जेल भिजवाया.
ADVERTISEMENT
भाई की मौत को बताया सोची-समझी साजिश
रोशन आनंद ने मीडिया के सामने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक वह जेल से बाहर थे, तब तक उनके भाई के साथ कुछ नहीं हुआ था, लेकिन जैसे ही उन्हें जेल भेजा गया, उनके भाई प्रिंस यादव की हत्या कर दी गई. उन्होंने दावा किया कि खान सर उर्फ फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर एस प्रसाद ने मिलकर उनके भाई की हत्या की यह पूरी साजिश रची थी.
आपको बता दें कि प्रिंस यादव इस पूरे विवाद में आरोपी थे और हाल ही में नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई थी. नेपाल पुलिस फिलहाल होटल में मौजूद कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
पैसे और गाड़ियों के लेन-देन का लगाया आरोप
जेल से बाहर आए रोशन आनंद ने खान सर पर पैसों के दम पर गवाहों और मकान मालिकों को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि खान सर रूम मालिक को करोड़ों रुपए कैश में देते हैं, जिसके दम पर रूम मालिक का बेटा करोड़ों का जिम खोल चुका है. इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि रूम मालिक के पूरे परिवार को खान सर की तरफ से 60 लाख, 70 लाख से लेकर एक-डेढ़ करोड़ रुपए तक की फोर-व्हीलर गाड़ियां दी गई हैं.
रोशन आनंद ने मांग की है कि इस पूरे मामले की और पैसों के इस स्रोत की गहन जांच होनी चाहिए कि आखिर इतना पैसा कहां से आ रहा है. इसके अलावा उन्होंने यह भी दावा किया कि जब वह बेऊर जेल के अंदर थे, तब जेल के भीतर भी उनकी हत्या करने और उन्हें धमकाने की कोशिश की गई थी.
कौन है किसान कोल्ड स्टोरेज का मालिक आर एस प्रसाद?
इस पूरे विवाद के केंद्र में आए किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर एस प्रसाद का पूरा नाम डॉक्टर रामशंकर प्रसाद है, जो पटना के ही रहने वाले हैं. मुसल्लहपुर हाट में स्थित इसी किसान कोल्ड स्टोरेज के विशाल कैंपस के भीतर पटना के कई बड़े और नामचीन कोचिंग सेंटर्स चलते हैं. इस कैंपस में खान सर का 'खान ग्लोबल स्टडीज', रोशन आनंद सर का 'ज्ञान बिंदु कोचिंग', प्रदीप सर का 'कौटिल्य जीएस' और अंकुश सर का 'मैथमेटिक्स कोचिंग' संचालित होता है. इन बड़े कोचिंग संस्थानों के अलावा वहां चार-पांच छोटे कोचिंग सेंटर्स भी चलते हैं, जहां हर रोज हजारों की संख्या में छात्र पढ़ाई करने के लिए पहुंचते हैं.
कोल्ड स्टोरेज मालिक का गंदा ऑडियो वायरल
रोशन आनंद और खान सर के इस विवाद के बीच किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक डॉक्टर रामशंकर प्रसाद का एक कथित ऑडियो क्लिप भी तेजी से वायरल हो रहा है. इस ऑडियो क्लिप में वह एक लड़की से फोन पर बात करते हुए बेहद आपत्तिजनक बातें करते नजर आ रहे हैं और उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए उकसा रहे हैं. वायरल ऑडियो में रामशंकर प्रसाद उस लड़की को लाइब्रेरी में बुलाने और एक लाख रुपए देने का लालच दे रहे हैं. इस ऑडियो में वह आम के बगीचे और अच्छे खाने का उदाहरण देते हुए बेहद भद्दी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं.
इस बीच, रोशन आनंद द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पटना की कदमकुआं थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है. पुलिस ने किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, जहां सूत्रों के अनुसार उनसे करीब 2 घंटे तक गहन सवाल-जवाब किए गए हैं.
क्या था पूरा मामला?
इस पूरे विवाद की शुरुआत बीती 2 जून को हुई थी, जब मुसल्लहपुर हाट इलाके में दोनों कोचिंग पक्षों के समर्थकों और छात्रों के बीच भारी बवाल हो गया था. इस दौरान इलाके में जमकर पत्थरबाजी, तोड़फोड़, मारपीट और हवाई फायरिंग की घटनाएं हुई थीं. मामले को शांत करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
इसके बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन उन्हें अदालत से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत मिल गई थी. अब रोशन आनंद को जमानत मिलने और उनके भाई की संदिग्ध मौत के बाद यह मामला पूरी तरह से पलट गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


