Lakhisarai Stampede: अशोकधाम मंदिर हादसे पर बोले CM सम्राट चौधरी, मुआवजे का किया ऐलान

लखीसराय के अशोकधाम शिव मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी पर हुई भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत के बाद सीएम सम्राट चौधरी ने पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है. पूर्व सीएम नीतीश कुमार और मंत्री विजय सिन्हा ने हादसे पर गहरा शोक जताया और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए.

Lakhisarai Stampede
Lakhisarai Stampede
Google CTA

बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध बाबा अशोकधाम शिव मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी पर हुई भीषण भगदड़ के बाद राज्य सरकार हरकत में आ गई है. हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतक के परिवार को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का बड़ा ऐलान किया है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों का तुरंत और समुचित इलाज सुनिश्चित कराने के कड़े निर्देश दिए हैं.

Read more!

क्या बोले सम्राट चौधरी

हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा

लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.

सीएम ने लिखा कि लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा. दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है.

नीतीश कुमार ने जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी ट्वीट कर हादसे पर शोक जताया और कहा कि इस दुखद घटना से उनका मन मर्माहत है. उन्होंने ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि वे स्थिति का जायजा लेने और पीड़ित परिवारों से मिलने पटना से सीधे लखीसराय के लिए रवाना हो चुके हैं.

सावन की सोमवारी पर मंदिर में हुई भगदड़

गौरतलब है कि सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे अशोकधाम मंदिर में जल चढ़ाने उमड़ी अत्यधिक भीड़ और अचानक फैली अफवाह के बाद बैरिकेडिंग टूट गई थी. इसके बाद मची भगदड़ में दबने और दम घुटने से 7 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि दर्जनों लोग घायल होकर सदर अस्पताल में भर्ती हैं.

लखीसराय के अशोकधाम में सावन की तीसरी सोमवारी पर भीषण भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत