राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के 30वें स्थापना दिवस के ऐतिहासिक मौके पर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार की आवाम और अपने कार्यकर्ताओं के नाम एक बेहद कड़ा और भावुक खुला खत लिखा है. अपने इस संदेश में लालू यादव ने केंद्र की मौजूदा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए देश के लोकतांत्रिक ढांचे और संविधान की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जाहिर की है. उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश की संवैधानिक संस्थाओं का खुलकर दुरुपयोग हो रहा है, जिससे हमारा लोकतंत्र एक बड़े संकट के दौर से गुजर रहा है.
ADVERTISEMENT
मुद्दों से ध्यान भटकाने की हो रही है कोशिश
लालू यादव ने अपने पत्र में सीधे तौर पर बीजेपी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि सत्ता का इस्तेमाल स्वतंत्र संस्थाओं को दबाने के लिए किया जा रहा है. आरजेडी प्रमुख के मुताबिक देश में हिंदुत्व के नैरेटिव को जबरन आगे बढ़ाकर आम जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को दबाने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, सामाजिक न्याय की लड़ाई, और पिछड़े व अल्पसंख्यक समाज के हक-अधिकारों जैसे गंभीर विषयों से ध्यान भटकाया जा रहा है. इसी के मद्देनजर उन्होंने पार्टी के हर एक सिपाही को आगाह करते हुए कहा कि वे आने वाले समय में एक बड़ी वैचारिक लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार रहें.
चुनाव लड़ना मकसद नहीं
पार्टी की नींव और उसके सफर को याद करते हुए लालू प्रसाद यादव ने स्पष्ट किया कि आरजेडी को महज एक चुनाव लड़ने वाले दल के रूप में न देखा जाए. यह शोषितों, वंचितों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ा हुआ एक जीवंत आंदोलन है. उन्होंने याद दिलाया कि 5 जुलाई 1997 को इस दल का गठन इसी संकल्प के साथ हुआ था कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को उसका हक दिलाया जा सके. उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वे जनता के बीच जाएं, उनके सुख-दुख के साथी बनें और संसद से लेकर सड़क तक जनहित की आवाज को बुलंद करते रहें.
कार्यकर्ताओं के त्याग को किया नमन
तीन दशकों के इस लंबे सफर को साझा करते हुए लालू यादव ने अपने कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के निस्वार्थ समर्पण, संघर्ष और बलिदान के दम पर ही आरजेडी आज इस मुकाम पर मजबूती से खड़ी है. हर मुश्किल दौर में साथ निभाने के लिए उन्होंने बिहार की जनता और समर्थकों का आभार व्यक्त किया. पत्र के अंत में उन्होंने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि पूरे राज्य में इस मौके पर उत्सव का माहौल है और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव इस विशेष कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के लिए उन्हें संबोधित करेंगे.
ये भी पढ़ें: बड़ी खबर: हर्ष फायरिंग मामले में बिहार के BJP विधायक राजू सिंह को 4 साल की जेल, देना होगा 25 लाख मुआवजा
ADVERTISEMENT


