मैथिली ठाकुर ने तेजस्वी यादव को बताया 'दुर्योधन' तो भड़के खेसारी लाल यादव, दी मर्यादा में रहने की सख्त नसीहत

Khesari Lal Yadav on Maithili Thakur: बिहार में चुनावी पारा चढ़ते ही जुबानी जंग तेज हो गई है. लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने तेजस्वी यादव की तुलना 'दुर्योधन' से की, जिस पर भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने करारा जवाब दिया है. खेसारी ने मैथिली को कम उम्र में मिली सफलता का हवाला देते हुए संस्कारों और मर्यादा की याद दिलाई है.

Khesari Lal Yadav on Maithili Thakur
Khesari Lal Yadav on Maithili Thakur

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Maithili Thakur on Tejashwi Yadav: बिहार की राजनीति में इन दिनों राजनीतिक बयानबाजियां जोरों पर हैं. प्रदेश में जैसे-जैसे राज्यसभा चुनावी की सरगर्मी बढ़ रही है, कलाकारों के बीच भी वैचारिक मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं. ताजा मामला मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर और भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव के बीच का है. मैथिली ठाकुर ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर एक ऐसा तंज कसा, जिसने पूरे बिहार के सियासी गलियारे में हलचल मचा दी है.

Read more!

मैथिली ठाकुर ने तेजस्वी की तुलना दुर्योधन से की

मैथिली ठाकुर ने अपने बयान में बिहार के बीते समय को याद करते हुए एक विवादित उपमा का सहारा लिया. उन्होंने कहा कि जब वह उस समय को याद करती हैं तो उन्हें महाभारत का हस्तिनापुर याद आता है. उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की ओर इशारा करते हुए कहा, "हस्तिनापुर के राजा धृतराष्ट्र बहुत अनुभवी थे, लेकिन वह अंधे थे और देखना भी नहीं चाहते थे, क्योंकि उन्हें राज्य की नहीं बल्कि अपने पुत्र दुर्योधन की चिंता लगी रहती थी." मैथिली के इस बयान को सीधे तौर पर तेजस्वी यादव पर हमला माना जा रहा है.

खेसारी लाल यादव ने दी मर्यादा की नसीहत

मैथिली ठाकुर के इस तीखे प्रहार पर खेसारी लाल यादव ने कड़ा ऐतराज जताया है. खेसारी ने कहा कि मैथिली का ज्ञान अभी कम है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कम उम्र में जब बड़ी उपलब्धियां मिल जाती हैं तो इंसान ऐसे ही बोलता है. इसीलिए पढ़े-लिखे और दुनिया की जानकारी रखने वाले लोगों की जरूरत है." 

खेसारी लाल यादव ने आगे कहा कि वह मैथिली पर कलाकार होने के नाते ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है. उन्होंने तेजस्वी यादव को बड़े भाई के समान बताते हुए कहा कि राजनीति में आने का मतलब यह नहीं है कि हम अपनी इंसानियत और संस्कार खो दें. लालू प्रसाद यादव उनके लिए पिता तुल्य हैं, इसलिए ऐसी भाषा का प्रयोग बिल्कुल नहीं करना चाहिए.

मनोज तिवारी और काजल राघवानी पर भी बोले खेसारी

इंटरव्यू के दौरान खेसारी लाल यादव से जब मनोज तिवारी के एक गाने के बारे में पूछा गया, जिसमें खेसारी को 'गड्ढे' में बताया गया था, तो उन्होंने बहुत ही परिपक्वता से जवाब दिया. खेसारी ने कहा, मनोज तिवारी मेरे बड़े भाई हैं और मैं आजीवन उनका सम्मान करूंगा. राजनेता राजनीति में इस तरह की बातें करते रहते हैं, लेकिन मैं व्यक्तिगत संबंधों को राजनीति से अलग रखता हूं.''

वहीं, भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी के साथ दोबारा काम करने के सवाल पर खेसारी ने कहा कि अगर वह काम करना चाहती हैं, तो उनका स्वागत है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी कलाकार को मना करने वाले कोई नहीं होते और काम के लिए हमेशा तैयार हैं.

यह भी पढ़ें: पटना पहुंचने वाले ब्रिटेन के 'AI मिनिस्टर' कनिष्क नारायण कौन, जानिए क्या है बिहार से उनका कनेक्शन?

    follow google news