प्यार के लिए आपने जीने-मरने की कसमें खाते तो कई बार देखी होगी, जहां प्रेमी-प्रेमिका एक-दूसरे के साथ रहने के लिए सारी हदें पार करने के लिए तैयार रहते है. इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में एक अजब प्रेम की गजब कहानी देखने को मिली है. यहां प्रेमी-प्रेमिका के सिर पर प्यार का भूत इस कदर सवार हो गया कि दोनों ने अपने जान तक को दांव पर लगा दिया. प्रेमी ने करंट से जान देने की धमकी दी तो प्रेमिका सैकड़ों फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई, जिसके बाद उस टावर के पास लोगों का हुजूम उमड़ गया. जैसे ही मामले की जानकारी पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची और फिर जाकर मामला शांत हुआ. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मामला मोतिहारी के पिपरा थाना क्षेत्र के पशुरामपुर गांव से सामने आया है. यहां गांव में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब गांव की ही एक लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई. लड़की के टावर पर चढ़ने की खबर गांव में जैसे ही फैली तो वहां पर लोगों का हुजूम उमड़ गया और देखते ही देखते वहां पर काफी भीड़ जमा हो गई. स्थिति को हाथ से बाहर जाता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर उन्होंने युवती को काफी मान-मनौवल के बाद नीचे उतारा.
प्यार के चक्कर में हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा
बताया जा रहा है कि युवती गांव के ही एक लड़के से प्यार करती है. दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा प्यार करते है और साथ रहना चाहते है. लेकिन घरवाले और समाज उनके इस प्यार के बीच रोड़ा बन रहा था. दोनों ने अपने-अपने घर में कई बार मनाने की कोशिश की थी, लेकिन दोनों में से किसी के घरवाले नहीं मान रहे थे. लड़की के परिजनों ने तो घर के बाहर भारी पहरा भी लगा दिया था ताकि दोनों दूर रहे लेकिन प्यार कहां किसी से रुकने वाला है. लड़की ने इसी वजह से प्लान बनाया और मौके मिलते ही घर से फरार होकर टावर पर चढ़ गई.
प्रेमी ने दी करंट से मरने की धमकी, इधर प्रेमिका...
यह बात भी सामने आई है कि युवक भी युवती से बेहद प्यार करता है और वह अपने करंट से जान देने की धमकी दे चुका है. लेकिन फिर भी परिवार वालों पर कोई असर नहीं होता देख दोनों ने पहले फोन पर बातचीत की और फिर प्लान बनाया. प्लान के मुताबिक, लड़की को जैसे ही मौका मिला वह घर से बाहर निकल गई और टावर पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगी. देखते ही देखते टावर के नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई और फिर पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने किया मान-मनौवल
मामले की जानकारी मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और गांव वालों ने लड़की को समझाने की कोशिश की लेकिन वह प्रेमी के साथ शादी करवाने की जिद पर अड़ी रही और नहीं करवाने पर कूद जाने की बात कहती रही. फिर पुलिस ने अनाउंसमेंट माइक से कहा कि आपकी जो भी इच्छा है तो घरवाले मानने को तैयार है, जिसके बाद वह नीचे उतरी. नीचे उतरने के बाद लड़की पुलिस को लेकर थाने चली जाती है.
ADVERTISEMENT


