बिहार में फिलहाल NDA की सरकार है और BJP ने सम्राट चौधरी को अपना मुख्यमंत्री बना रखा है. लेकिन हाल में ही हुए बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है. ऐसे में सवाल उठता है कि 40 लोकसभा सीट वाले बिहार में अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो क्या सम्राट चौधरी नैया पार लगा पाएंगे या फिर INDIA गठबंधन का दबदबा देखने को मिलेगा? इसी बीच इंडिया टुडे और सी-वोटर(C-Voter) ने 'मूड ऑफ द नेशन'(Mood of the Nation) के ताजा सर्वे अगस्त 2026 के नतीजे सामने आए है. आइए जानते हैं क्या है जनता का मूड.
ADVERTISEMENT
BJP को कितनी सीटें?
MOTN के ताजा सर्वे के मुताबिक, अगर आज लोकसभा चुनाव हुए तो बिहार में बीजेपी को 40 में से 13 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही है. 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 12 सीटें मिली थी, यानी भाजपा को 1 सीट ज्यादा मिलने का अनुमान जताया गया है. वहीं, अगर जनवरी 2026 के सर्वे की बात करें तो तब BJP को 17 सीटें मिलने का अनुमान था, जो कि अब 4 सीटें घटकर 13 सीटें रह गई है. कुल मिलाकर भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले 1 सीट का फायदा होते दिख रहा है.
NDA का क्या है हाल?
इस सर्वे में BJP के साथ-साथ NDA की स्थिति भी बताई गई है. सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, NDA को 40 में से 34 सीटें मिल सकती है. बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव में NDA को 30 सीटें मिली थी. अब इस सर्वे में 4 सीटें ज्यादा मिलती हुई दिखाई दे रही है. वहीं अगर पिछले सर्वे जनवरी 2026 की बात करें तो तब उन्हें 38 सीटों का अनुमान था, जो कि अब घटकर 34 पर आ गया है. यानी पिछले सर्वे के मुकाबले NDA की सीटें घटी हैं, लेकिन 2024 लोकसभा चुनाव के मुकाबले NDA को 4 सीटों का फायदा मिलने का अनुमान है.
कांग्रेस की क्या है स्थिति?
MOTN के अगस्त 2026 के सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, अगर आज बिहार में लोकसभा चुनाव हुए तो कांग्रेस को 2 सीटें मिल सकती है. हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को कुल 3 सीटें मिली थी, यानी कांग्रेस को 1 सीट का नुकसान होने का अनुमान है. वहीं अगर जनवरी 2026 के सर्वे की बात करें तो तब कांग्रेस के खाते में 0 सीटें थी, जो कि अब बढ़कर 2 सीटें हो गई है.
INDIA गठबंधन को कितनी सीटें?
MOTN सर्वे के अगस्त 2026 के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, INDIA गठबंधन को 6 सीटें मिल सकती है. लोकसभा चुनाव, 2024 में INDIA गठबंधन को 9 सीटें मिली थी, यानी उन्हें 3 सीटों का नुकसान होते दिख रहा है. वहीं अगर जनवरी 2026 के सर्वे के आंकड़ों की बात करें तो तब उन्हें 2 सीटें मिली थी, लेकिन इस सर्वे में सीटों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है. कुल मिलाकर, INDIA ब्लॉक 2024 के 9 सीटों के मुकाबले अभी भी पीछे है, लेकिन जनवरी के 2 सीटों के अनुमान से अगस्त में 6 सीटों तक पहुंचना उसके लिए सुधार का संकेत जरूर है.
वोट शेयर क्या कहता है?
सिर्फ सीटों की तस्वीर ही नहीं, वोट शेयर भी बिहार में बदलते समीकरण की ओर इशारा करता है. 2024 में बिहार में NDA का वोट शेयर 47.23 फीसदी था. जनवरी 2026 में यह बढ़कर 53.3 फीसदी पहुंचा, लेकिन अगस्त 2026 में घटकर 48.6 फीसदी रह गया. यानी जनवरी से अगस्त के बीच NDA के वोट शेयर में 4.7 प्रतिशत अंक की गिरावट आई है. हालांकि 2024 के मुकाबले NDA अभी भी करीब 1.37 प्रतिशत अंक ऊपर है.
इसके उलट INDIA का वोट शेयर 2024 में 39.21 फीसदी था. जनवरी 2026 में यह घटकर 34.7 फीसदी हो गया था, लेकिन अगस्त में फिर बढ़कर 39.4 फीसदी पहुंच गया. यानी INDIA ने जनवरी से अगस्त के बीच 4.7 प्रतिशत अंक की वापसी की है और उसका वोट शेयर अब 2024 के मुकाबले भी मामूली रूप से ज्यादा है.
ADVERTISEMENT


