कर्नाटक में संगठन विस्तार की तैयारी में वीआईपी, मिशन पर निकलेंगे मुकेश सहनी

Mukesh Sahani News: बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी अब विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संगठन विस्तार मिशन को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं. 7 जून को कर्नाटक दौरे पर पहुंचकर वे निषाद और मछुआरा समुदाय के लोगों से संवाद करेंगे, संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा करेंगे और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान चलाएंगे.

Mukesh Sahani
Mukesh Sahani

इन्द्र मोहन

follow google news

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) अपने संगठनात्मक विस्तार को नई गति देते हुए अब कर्नाटक में भी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराने जा रही है. पार्टी के संस्थापक एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी आगामी 7 जून को कर्नाटक दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वे पार्टी के विस्तार, संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद करेंगे.

Read more!

पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता देव ज्योति ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासशील इंसान पार्टी सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और वंचित समाज के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है. बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में पार्टी द्वारा निषाद समाज के अधिकारों और आरक्षण की मांग को जिस मजबूती से उठाया गया है, उसी तर्ज पर अब कर्नाटक में भी इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में निषाद, मछुआरा समुदाय  के लोग निवास करते हैं, लेकिन उन्हें आज भी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्तर पर अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है. विकासशील इंसान पार्टी इन समुदायों की आवाज बनकर उनके संवैधानिक अधिकारों और सम्मानजनक हिस्सेदारी के लिए संघर्ष जारी रखेगी.

देव ज्योति ने बताया कि मुकेश सहनी अपने कर्नाटक दौरे के दौरान समाज के बुद्धिजीवियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इस दौरान राज्य में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा आगामी रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी. उन्होंने विश्वास जताया कि कर्नाटक में विकासशील इंसान पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा और सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा मिलेगी.

    follow google news