मुंगेर: गैस सिलेंडर न मिलने पर फूटा युवक का गुस्सा, एजेंसी के गेट पर ही पटकने लगा सिलेंडर, वीडियो वायरल

मुंगेर में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी न होने और फर्जी डिलीवरी मैसेज आने से परेशान एक युवक ने गैस एजेंसी के गेट पर सिलेंडर पटककर अपना विरोध दर्ज कराया. पुलिस ने हंगामा करने के आरोप में युवक को हिरासत में ले लिया है जबकि क्षेत्र में एलपीजी की किल्लत को लेकर जनता में भारी रोष है.

बिहार न्यूज
बिहार न्यूज

गोविंद कुमार

follow google news

देश में रसोई गैस (LPG) अब सिर्फ किचन का सामान नहीं, बल्कि एक बेहद संवेदनशील मुद्दा बन चुका है. बिहार के मुंगेर जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर की किल्लत और डिलीवरी सिस्टम की लापरवाही ने एक उपभोक्ता के सब्र का बांध तोड़ दिया. हताशा में युवक गैस एजेंसी पहुंचा और एजेंसी के गेट पर ही सिलेंडर पटकने लगा.

Read more!

मैसेज आया 'डिलीवर', घर में चूल्हा ठंडा

पूरी घटना मुंगेर की है, जहां एक युवक ने 14 मार्च को गैस सिलेंडर की बुकिंग की थी. युवक का आरोप है कि उसके मोबाइल पर मैसेज आ गया कि सिलेंडर डिलीवर हो गया है, लेकिन हकीकत में घर पर सिलेंडर पहुंचा ही नहीं.  पिछले कई दिनों से एजेंसी के चक्कर काटने और ऑनलाइन पेमेंट करने के बावजूद उसे सिर्फ आश्वासन मिल रहा था. इसी सिस्टम की मार झेल रहे युवक का गुस्सा तब सातवें आसमान पर पहुंच गया जब वह खाली सिलेंडर लेकर सीधे एजेंसी पहुंच गया. 

एजेंसी में मचाया बवाल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक गुस्से में एजेंसी के लोहे के गेट पर बार-बार सिलेंडर पटक रहा है. एजेंसी संचालक का कहना है कि उनके यहाँ करीब 10 दिन का बैकबॉग चल रहा है और वे अभी पुराने ऑर्डर्स क्लियर कर रहे हैं. संचालक ने आरोप लगाया कि युवक ने गाली-गलौज की, ऑफिस के सामान को नुकसान पहुंचाया और जान से मारने की धमकी भी दी. शोर-शराबा बढ़ते देख कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया.

बैकबॉग और किल्लत से जनता परेशान

यह सिर्फ एक व्यक्ति की कहानी नहीं है. एजेंसी के बाहर खड़े अन्य लोगों ने भी बताया कि बुकिंग के कई दिनों बाद भी गैस नहीं मिल रही है, जबकि मोबाइल पर डिलीवरी के फर्जी मैसेज आ जाते हैं. एलपीजी की इस किल्लत ने आम जनता को सड़कों पर उतरने और उग्र होने पर मजबूर कर दिया है.

ये भी पढ़ें: कटिहार में करोड़ों का साइबर फ्रॉड: बैंक मैनेजर और CA ने मिलकर ऐसे लगाया चूना, 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' में बड़ा खुलासा


 

    follow google news