Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां सिकंदरपुर पुल पर पहुंचकर एक विवाहिता ने बूढ़ी गंडक नदी की उफनती और तेज धारा में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ADVERTISEMENT
कदम उठाने से ठीक पहले पिता को किया भावुक कॉल
इस खौफनाक कदम को उठाने से पहले मृतका ने अपने पिता को फोन मिलाया था. फोन पर उसने रोते हुए बेहद भावुक शब्दों में कहा, "पापा, अब आपकी एक ही बेटी है." इतना कहते ही उसने फोन काट दिया और अपना मोबाइल फोन पूरी तरह से बंद कर लिया. जब तक परिवार के लोग उसकी बात का मतलब समझ पाते या उसे ढूंढने की कोशिश करते, तब तक काफी देर हो चुकी थी. वह सिकंदरपुर पुल से नदी में कूद चुकी थी. हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से उसे नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं.
ससुराल पक्ष से चल रहा था पुराना विवाद
नदी में कूदकर जान देने वाली मृतका की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के अस्मा गांव निवासी जयंत राम की पुत्री अंशु कुमारी के रूप में की गई है. परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अंशु की शादी करीब दो वर्ष पहले बरई गांव में हुई थी. शादी के बाद से ही उसका अपने पति और ससुराल वालों के साथ किसी न किसी बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था. विवाद और अनबन के कारण वह पिछले एक-दो महीने से अपने मायके में ही रह रही थी. बताया जा रहा है कि मायके में रहने के दौरान भी फोन पर अक्सर पति के साथ उसकी कहासुनी होती रहती थी. हालांकि, इस भारी तनाव और पारिवारिक कलह की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
घर से निकलने से पहले उसने अपनी मां से सामान्य बातचीत की थी और बर्तन धोने व घास लाने की बात कहकर निकली थी, जिसके कारण परिवार को किसी अनहोनी का बिल्कुल भी अंदेशा नहीं हुआ.
मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव को पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस पूरे मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मृतका के माता-पिता व अन्य परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस उन परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिनकी वजह से अंशु कुमारी को ऐसा आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा.
यह भी पढ़ें: Sakshi Jha Controversy: मर्दों को बताया बेकार तो सस्पेंड हो गई साक्षी झा, जानें इस दावे का सच
ADVERTISEMENT


