बिहार के समस्तीपुर से सामने आया शराब तस्करी का मामला एक बार फिर चर्चा में है. 75 लीटर शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार नेहा झा के मामले में आज सुनवाई हुई और फिर 25 दिनों के बाद अब उन्हें बेल मिल गई है. नेहा झा को बेल मिलने के बाद उनके वकील चंदन कुमार सिंह ने बिहार तक से खास बातचीत की और पूरी कहानी बताई. इस दौरान उन्होंने नेहा के जीजा ईशान को लेकर भी जानकारी दी. बातचीत के दौरान चंदन सिंह ने इस मामले में एक बड़ी जानकारी दी, जिससे की पूरी कहानी ही पलट सकती है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
नेहा को मिली बेल, लेकिन ईशान का क्या?
100 बोतल यानी 75 लीटर शराब तस्करी के मामले में नेहा झा और उनके जीजा ईशान को 4 गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. हालांकि आज कोर्ट में सुनवाई के बाद नेहा झा को बेल मिल गई है, वहीं ईशान को लेकर भी जानकारी सामने आई है. वकील चंदन कुमार सिंह ने बताया है कि, आज हमने न्यायालय में अपना पक्ष रखा जिसपर विचार करने के बाद नेहा झा को जमानत मिली है. वहीं ईशान के लिए अब बेल की अर्जी डालेंगे और उम्मीद करते हैं कि उन्हें भी बेल मिल जाएगी.
वकील ने बताई नए कहानी
इस मामले में बात करते हुए चंदन कुमार सिंह ने बताया कि, मामला बेहद ही संदेहास्पद है. शराब की बरामदी तो हुई है लेकिन इन दोनों के पास से नहीं हुई है. उन्होंने आगे बताया कि, ट्रेन संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से नेहा के जीजा ईशान सफर कर रहे थे. वह एसी फर्स्ट क्लास के H1 कोच के C7 में कंफर्म टिकट के साथ यात्रा कर कर रहे थे.
इसी बीच उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि, नेहा के पास इसलिए कोई टिकट नहीं था क्योंकि वो तो अपने जीजा को स्टेशन पर लाने गई थी. हालांकि शराब की बरामदगी ईशान के सीट के नीचे से हुई है, लेकिन इन दोनों के पास से नहीं हुई है. अब मामला कोर्ट में है और ट्रायल चलेगा, जिसके बाद असल सच्चाई का पता चल पाएगा.
3 सितंबर से शुरू हुई थी कहानी
इस पूरे मामले की कहानी 3 सितंबर को शुरू हुई, जब अपने टाइम से कई घंटे लेट स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस(12562) समस्तीपुर स्टेशन पर पहुंची. ट्रेन के पहुंचने से पहले रेलवे पुलिस को वाराणसी से गुप्त सूचना मिली की ट्रेन के फर्स्ट क्लास से शराब की तस्करी हो रही है. जानकारी मिलने के बाद रेलवे पुलिस एक्शन में आई. GRP और CIB की टीम ने योजना बनाई और ट्रेन आते ही फर्स्ट क्लास कोच में दस्तक दे दी.
मिली जानकारी के मुताबिक, इस दौरान नेहा कोच के अंदर अपने जीजा ईशान के साथ मौजूद थी. जब पुलिस ने पूछताछ की तो नेहा ने भी गजब के कॉन्फिडेंस के साथ उनसे बहस की, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच की और पूरा भेद खुल गया. जब नेहा से टिकट मांगा गया तो उसने जीजा ईशान के नाम पर कूपे बुक होने की बात कही. लेकिन पुलिस के मुताबिक, ईशान के पास से भी वैलिड टिकट नहीं मिली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. हालांकि अब नेहा के वकील चंदन कुमार सिंह ट्रेन में बुकिंग होने की बात का दावा कर रहे है.
कब जेल से बाहर आएगी नेहा?
नेहा झा को बेल मिलने के बाद अब सवाल उठ रहे है कि आखिर नेहा जेल से बाहर कब आएगी? इसे लेकर वकील चंदन कुमार सिंह ने बताया है कि वे लोग इस प्रक्रिया में लगे हुए है और आज यानी 28 सितंबर की देर शाम या 29 सितंबर की सुबह-सुबह वह जेल से बाहर आ सकती है. हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि अब ईशान को कब तक बेल मिलता है और मामले में आगे क्या-कुछ होता है.
ADVERTISEMENT


