भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और बिहार के पूर्व मंत्री नितिन नवीन जल्द ही राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं. लेकिन इस बड़े सियासी मुकाम पर पहुंचने से ठीक पहले नितिन नवीन का दर्द सोशल मीडिया पर छलक पड़ा. उन्होंने अपनी दिवंगत मां को याद करते हुए एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया है, जिसने उनके समर्थकों और सोशल मीडिया यूजर्स की आंखें नम कर दी हैं.
ADVERTISEMENT
दुनिया की सबसे कीमती चीज मां है
नितिन नवीन ने अपनी मां के साथ एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि मां की परछाई भले ही साथ नहीं है, लेकिन उनका एहसास आज भी जीवंत है. उन्होंने अपने दिल की बात साझा करते हुए कहा, 'पिछले 5 सालों में कई मुकाम और प्रतिष्ठा मिली पर उन सबके बीच एक खालीपन हमेशा कचोटता है. मेरे मंत्री बनने के कुछ दिन बाद ही मां हमें छोड़कर चली गईं, ऐसा लगता है जैसे वह केवल उसी दिन का इंतज़ार कर रही थीं.'
नितिन नवीन ने लोगों को संदेश देते हुए भावुक अपील की कि जब तक मां साथ है, उन्हें पूरा सम्मान और समय दें, क्योंकि मां दुनिया की सबसे कीमती चीज है.
विधायकी छोड़ अब दिल्ली की ओर
आपको बता दें कि नितिन नवीन वर्ष 2006 से लगातार पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में वे निर्विरोध चुने गए हैं. अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए वे संभवत आज (30 मार्च) बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे. लगभग दो दशक तक विधायक रहने के बाद अब वे राज्यसभा में बिहार की आवाज बुलंद करेंगे.
नीतीश कुमार भी देंगे इस्तीफा, नए सीएम पर चर्चा तेज
नितिन नवीन के साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भी विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा देने की संभावना है, क्योंकि वे भी राज्यसभा के लिए चुने गए हैं. नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की खबरों के बीच बिहार के सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा. फिलहाल सबकी नजरें एनडीए (NDA) खेमे पर टिकी हैं.
ये भी पढ़ें: पटना में राबड़ी आवास में हुआ 'लौंडा नाच' का आयोजन, अपने पुराने अंदाज में दिखे लालू यादव, देखें VIDEO
ADVERTISEMENT


