बिहार विधानसभा में जब भाई वीरेंद्र के कपड़ों पर नीतीश कुमार ने ले ली चुटकी, बोले- 'इतनी ठंड नहीं है', मिला मजेदार जवाब

Bihar Assembly Video: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद विधायक भाई वीरेंद्र के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक देखने को मिली. आर्सेनिक के मुद्दे पर चर्चा के दौरान नीतीश कुमार ने भाई वीरेंद्र के कपड़ों पर मजाकिया टिप्पणी की, जिसका विधायक ने भी मजेदार जवाब दिया. देखें पूरा वीडियो.

Bihar Assembly Video
भाई वीरेंद्र और नीतीश कुमार के बीच मीठी नोकझोंक(तस्वीर- स्क्रीनग्रैब)

न्यूज तक डेस्क

follow google news

बिहार विधानसभा का बजट सत्र न केवल गंभीर बहसों बल्कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच होने वाली हल्की-फुल्की नोकझोंक के लिए भी जाना जाता है. गुरुवार को सदन में एक ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद विधायक भाई वीरेंद्र के पहनावे पर टिप्पणी कर दी. इस वाकये के बाद सदन में मौजूद सम्राट चौधरी सहित अन्य नेता अपनी हंसी नहीं रोक पाए. आइए विस्तार से जानते हैं पूरी बात.

Read more!

आर्सेनिक के मुद्दे पर हो रही थी गरमागरम बहस

सदन की कार्यवाही के दौरान राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने मनेर और बिहटा इलाके के पानी में आर्सेनिक की मात्रा को लेकर सवाल उठाया था. उन्होंने सरकार द्वारा दिए गए जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि अधिकारी गलत जानकारी दे रहे हैं और क्षेत्र के लोग आर्सेनिक युक्त पानी पीने से गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. भाई वीरेंद्र ने मांग की कि सरकार इस मामले की दोबारा जांच कराए.

नीतीश कुमार का 'कपड़ा' तंज और भाई वीरेंद्र का जवाब

जब भाई वीरेंद्र अपनी बात मजबूती से रख रहे थे, तभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुस्कुराते हुए उनके पहनावे पर टोक दिया. मुख्यमंत्री ने कहा, 'कपड़ा तो कम पहनिए, इतना ठंडा थोड़े ही है.' 

इस पर भाई वीरेंद्र ने बेहद दिलचस्प जवाब देते हुए कहा, 'साहब, ये कपड़ा तो आपने ही दिया है. पिछले बार भी आपने ही दिया था. आप छोटे भाई को देकर भूल जाते हैं, इसीलिए मैं कहता हूं कि समय पर दवा खानी चाहिए, वरना ऐसे ही भूलते रहेंगे.' भाई वीरेंद्र ने आगे कहा कि 'आप बड़े भाई हैं और मैं छोटा भाई हूं, आपने दिया तो मैंने पहन लिया.'

सम्राट चौधरी भी नहीं रोक पाए हंसी

मुख्यमंत्री और राजद विधायक के बीच हुई इस 'भाई-चारे' वाली बहस को देख सदन का माहौल पूरी तरह बदल गया. गंभीर मुद्दे पर चल रही चर्चा के बीच हंसी के फव्वारे छूटने लगे. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सदन में मौजूद अन्य मंत्री व विधायक इस मजेदार संवाद को सुनकर खूब हंसते नजर आए.

आर्सेनिक समस्या पर सरकार का पक्ष

हंसी-मजाक के बीच सरकार की ओर से मंत्री शीला कुमारी ने जवाब देते हुए बताया कि 9 फरवरी 2026 को ही क्षेत्र में पानी की जांच कराई गई है. सरकार के मुताबिक, पानी में आर्सेनिक की मात्रा निर्धारित सीमा (0.01 mg/L) से कम पाई गई है. हालांकि, भाई वीरेंद्र इस जवाब से संतुष्ट नहीं दिखे और उन्होंने मुख्यमंत्री से खुद चलकर क्षेत्र का मुआयना करने और ट्रीटमेंट प्लांट लगवाने की मांग दोहराई.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: 'उज्जैनी के पिता का नाम...', तेज प्रताप के अनुष्का संग रिश्ते पर दिए बयान के बाद कैमरे पर आए आकाश यादव, देखें एक्सक्लूसिव इंटरव्यू

    follow google news