नीतीश कुमार राज्यसभा गए तो किसे मिलेगी CM की कुर्सी? सम्राट चौधरी समेत रेस में ये तीन बड़े नाम, जानिए किसकी दावेदारी सबसे मजबूत

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बाद नई राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है. ऐसी स्थिति में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है.

नीतीश कुमार
नीतीश कुमार

अनिकेत कुमार

follow google news

बिहार की राजनीति में इन दिनों काफी हलचल देखने को मिल रही है. चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं. अगर ऐसा होता है और वे राज्यसभा चले जाते हैं तो राज्य की सत्ता में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसे हालात में एनडीए को बिहार के लिए नया मुख्यमंत्री चुनना पड़ेगा.

Read more!

दरअसल, पिछले साल नवंबर में हुए चुनाव में एनडीए ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में शानदार जीत दर्ज की थी. लेकिन अब उनके राज्यसभा जाने की संभावना के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि बिहार की कमान आगे किसके हाथ में होगी.

सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे

मुख्यमंत्री पद की चर्चा में इस समय सबसे मजबूत नाम सम्राट चौधरी का माना जा रहा है. वे फिलहाल बिहार सरकार में डिप्टी सीएम हैं और बीजेपी विधायक दल के नेता भी हैं. एनडीए में बीजेपी के 89 विधायक हैं, जिससे पार्टी गठबंधन में सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आती है.

सरकार में सम्राट चौधरी के पास वित्त, स्वास्थ्य, शहरी विकास और गृह जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं. खास तौर पर गृह विभाग का बीजेपी के पास होना राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है.

जनवरी 2024 में जब नीतीश कुमार की सरकार बनी थी तब सम्राट चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था. 2025 के चुनाव के बाद भी वे इसी पद पर बने रहे और सरकार में उनकी भूमिका लगातार मजबूत होती गई.

राजनीतिक परिवार से है नाता

सम्राट चौधरी का संबंध एक पुराने राजनीतिक परिवार से है. उनके पिता शकुनी चौधरी बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे. वे सात बार विधायक और सांसद रह चुके हैं.

सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत साल 1999 में आरजेडी से की थी. उस समय वे राबड़ी देवी की सरकार में कृषि मंत्री भी रहे. बाद में उन्होंने जेडीयू का रुख किया और फिर बीजेपी में शामिल हो गए.

साल 2023 में उन्हें बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था. इसके अलावा वे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं, जिससे पार्टी संगठन और विधायकों के बीच उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है.

डिप्टी सीएम को लेकर भी चर्चा

अगर सत्ता में बदलाव होता है तो चर्चा यह भी है कि जेडीयू की ओर से निशांत और विजय चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. हालांकि इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

फिलहाल बिहार की राजनीति में निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या नीतीश कुमार सच में राज्यसभा जाएंगे और अगर ऐसा होता है तो एनडीए किसे राज्य की कमान सौंपेगा. अभी के समीकरणों को देखें तो सम्राट चौधरी इस दौड़ में सबसे आगे नजर आ रहे हैं.

ये भी पढ़ें: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं से बिहार की राजनीति में उबाल, फूट-फूटकर रोने JDU के नेता

    follow google news