बिहार की सियासत में एक बार फिर नीतीश कुमार की सक्रियता को लेकर हलचल तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार मंगलवार को अचानक पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंच गए. इस मुलाकात के बाद जेडीयू के अंदर ही नहीं, बल्कि बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. नीतीश कुमार के संजय झा के आवास पहुंचने के दौरान पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे. पूर्व मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की और उनकी बातें भी सुनीं. बताया जा रहा है कि इस दौरान बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ-साथ पार्टी की आगामी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई. इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें नीतीश कुमार संजय झा को कुछ सलाह देते नजर आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
संजय झा ने रखी कार्यकर्ताओं और जनता की बात
इस मुलाकात का सबसे अहम पहलू नीतीश कुमार की बिहार में फिर से सक्रियता को लेकर हुई चर्चा रही. संजय झा ने नीतीश कुमार के सामने कार्यकर्ताओं और आम लोगों की इच्छा का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि लोग चाहते हैं कि नीतीश कुमार दोबारा बिहार के अलग-अलग इलाकों में जाएं और सीधे जनता तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करें.
नीतीश कुमार ने भी सकारात्मक रुख दिखाया
संजय झा की इस बात पर नीतीश कुमार ने भी सकारात्मक रुख दिखाया. इसके बाद अब उनके बिहार दौरे की संभावित रूपरेखा तैयार किए जाने की चर्चा है. सूत्रों के मुताबिक, अक्टूबर से नीतीश कुमार के बिहार के अलग-अलग हिस्सों में जाने का कार्यक्रम शुरू हो सकता है.
'सुपर सीएम' के लगे नारे
संजय झा के आवास पर मौजूद लोगों के बीच नीतीश कुमार को लेकर उत्साह भी देखने को मिला. वहां कुछ लोगों ने नीतीश कुमार के समर्थन में नारे लगाए और उन्हें 'सुपर सीएम' कहकर संबोधित किया.
क्या फिर सुपर एक्टिव होंगे नीतीश?
नीतीश कुमार ने लोगों की बातों को सुना और कार्यकर्ताओं से संवाद किया. मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा जाने के बाद बिहार की राजनीति में उनकी भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. ऐसे में अब जनता और कार्यकर्ताओं के बीच जाने की संभावित तैयारी को उनके राजनीतिक रूप से फिर सक्रिय होने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
अक्टूबर से क्या होगा प्लान?
अभी नीतीश कुमार के बिहार दौरे का पूरा कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं किया गया है. लेकिन पार्टी स्तर पर इसकी तैयारी शुरू होने की जानकारी सामने आ रही है. माना जा रहा है कि दौरे के दौरान नीतीश कुमार पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं.
आगे की रणनीति पर फीडबैक लेने की कोशिश
इस दौरान संगठन की स्थिति, जनता से जुड़े मुद्दों और पार्टी की आगे की रणनीति पर फीडबैक लेने की कोशिश हो सकती है. नीतीश कुमार का अचानक संजय झा के घर पहुंचना और फिर जनता के बीच जाने की चर्चा इसलिए भी अहम है क्योंकि मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता को लेकर लगातार अटकलें लगती रही हैं. अब अगर अक्टूबर से उनका बिहार दौरा शुरू होता है, तो यह जेडीयू की राजनीति और बिहार के सियासी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम हो सकता है. फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि नीतीश कुमार के बिहार दौरे की आधिकारिक रूपरेखा कब सामने आती है और वह किन जिलों से अपनी इस नई राजनीतिक सक्रियता की शुरुआत करते हैं.
ADVERTISEMENT


