बिहार के समस्तीपुर से एक बार फिर 'पकड़ौआ विवाह' यानी जबरन शादी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बिहार पुलिस की तैयारी कर रहे एक युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर और मारपीट कर जबरन शादी के मंडप पर बैठा दिया गया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक नशे की हालत में बेसुध नजर आ रहा है. आइए विस्तार से जानते हैं पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
कोल्ड ड्रिंक में नशा और फिर किडनैपिंग
पीड़ित युवक नीतीश के अनुसार, यह घटना 7 फरवरी की है जब वह लाइब्रेरी जा रहा था. रास्ते में उसके कुछ दोस्तों (कुंदन, राहुल और रजवंशी) ने उसे रोक लिया. आरोप है कि उन्होंने नीतीश को कोल्ड ड्रिंक (स्प्राइट) में नशे की गोली मिलाकर पिला दी. नशे की हालत में होने के बाद आरोपी उसे किडनैप कर ले गए. युवक का दावा है कि उसे एक कमरे में बंद कर रखा गया और विरोध करने पर बुरी तरह पीटा भी गया.
वायरल वीडियो खोल रहा पोल
सोशल मीडिया पर इस शादी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो पूरी घटना की गवाही दे रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि दूल्हा बना नीतीश पूरी तरह नशे में है और उसकी गर्दन बार-बार लुढ़क रही है. यहीं नहीं वरमाला की रस्म के दौरान वह खुद माला भी नहीं पकड़ पा रहा था, जिसके बाद एक अन्य युवक ने जबरन उसका हाथ पकड़कर दुल्हन के गले में माला डलवा दी. आसपास खड़े लोग जश्न मना रहे हैं और जबरन शादी की रस्में पूरी करवा रहे हैं, जबकि दूल्हा अपने होश में ही नहीं है.
पुरानी रंजिश या शादी का दबाव?
चर्चा है कि नीतीश की शादी करीब 6 महीने पहले इसी लड़की से तय हुई थी, लेकिन किसी वजह से रिश्ता टूट गया था. लड़की का भाई नीतीश का दोस्त बताया जा रहा है. जहां एक तरफ लड़की पक्ष का दावा है कि यह शादी राजी-खुशी हुई है, वहीं नीतीश का कहना है कि उसे 24 घंटे ताले में बंद रखा गया और नशे की हालत में यह सब करवाया गया.
कानून-व्यवस्था पर सवाल
बिहार में पिछले एक महीने के भीतर पकड़ौआ विवाह के कई मामले सामने आ चुके हैं. हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणियों के बावजूद इस तरह की घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं. फिलहाल इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में काफी चर्चा है और पीड़ित युवक न्याय की गुहार लगा रहा है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

