बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

बिहार के गोपालगंज में बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्रनाथ तिवारी पर जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला हुआ है. गंभीर हालत में उन्हें पटना रेफर किया गया है, वहीं मुख्य आरोपी राजेश शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है.

NewsTak
पंकज त्रिपाठी के भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला.

रोहित कुमार सिंह

follow google news

Gopalganj crime news : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली और गंभीर घटना सामने आई है. बिहार के गोपालगंज जिले में पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्रनाथ तिवारी पर जानलेवा हमला किया गया है. उन पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद में हुआ हमला 

यह खौफनाक वारदात 21 जून को माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड तिवारी टोला में घटित हुई. पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि विजेंद्रनाथ तिवारी और उनके पड़ोसी राजेश शाह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते शनिवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी राजेश शाह ने विजेंद्रनाथ तिवारी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया.

पटना रेफर किए गए विजेंद्रनाथ, हालत अब स्थिर 

हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा. गंभीर रूप से घायल विजेंद्रनाथ तिवारी को पहले गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया. फिलहाल पटना में उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति नियंत्रण में और स्थिर बनी हुई है.

फॉरेंसिक जांच और पुलिस की त्वरित कार्रवाई 

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर-2 के एसडीपीओ और माधोपुर थाना अध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं.

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया है. इसके साथ ही आरोपी राजेश शाह कपड़े भी जब्त कर लिए गए हैं जिनपर हत्या के साक्ष्य हैं. मुख्य आरोपी राजेश शाह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

पंकज त्रिपाठी के परिवार की प्रतिक्रिया का इंतजार 

चूंकि मामला बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ा हुआ है, इसलिए यह पूरे राज्य और देश में चर्चा का विषय बन गया है. हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक अभिनेता पंकज त्रिपाठी या उनके परिवार की तरफ से कोई भी आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि जांच हर पहलू से की जा रही है और जल्द ही कोर्ट में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया जाएगा. 

शादी की वजह से आज भी नाराज हैं सास, पंकज त्रिपाठी की पत्नी बोलीं- घर में मच गया था हंगामा

 


 

    follow google news