राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद बिहार की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है. पूर्व सांसद पप्पू यादव ने विपक्षी गठबंधन की हार पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उनके नेतृत्व और रणनीति पर गंभीर सवाल उठाए हैं. पप्पू यादव ने स्पष्ट कहा कि विपक्ष की भूमिका सही नहीं रही और हार तो पहले से ही तय थी. इसके साथ ही उन्होंने नेताओं के बिकने को लेकर भी तंज कसा है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
'विपक्ष के नेता अपनी जिम्मेदारी नहीं समझते'
पप्पू यादव ने विपक्ष के नेतृत्व पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि हारना तो तय था क्योंकि विपक्ष के नेता अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को नहीं समझते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'आम आदमी को मार देगा और आप फाइट नहीं कीजिएगा, चल जाइएगा कोलकाता.' उन्होंने मुजफ्फरपुर की एक घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि जब सीने में गोली मार दी जाती है, तब आप वहां से भागे हुए होते हैं, आपको वहां जाकर लड़ना चाहिए.
धनबल और नैतिक मूल्यों के ह्रास पर चिंता
पप्पू यादव ने राजनीति में बढ़ते पैसे के प्रभाव पर दुख जताते हुए कहा कि आज के दौर में लोकतांत्रिक और नैतिक मूल्यों का ह्रास हो रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा के पास सारा पैसा है और हॉर्स ट्रेडिंग का खेल हर जगह (कर्नाटक, एमपी, महाराष्ट्र) चल रहा है. उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि 'जनता भी बिकती है और जनप्रतिनिधि भी बिक रहा है.' उनके मुताबिक, अब बिना पैसे के केवल 'धन पशु' ही एमपी-एमएलए बन रहे हैं.
'मुझसे किसी बड़े नेता ने बात नहीं की'
पप्पू यादव ने विपक्षी गठबंधन के भीतर संवाद की कमी का भी खुलासा किया. उन्होंने कहा, 'मुझसे न तो प्रभारी जी ने बात की, न विपक्ष के नेता ने और न ही प्रदेश अध्यक्ष ने कोई जिक्र किया.' उन्होंने बताया कि अंतिम दिन दोपहर 12:30 बजे प्रदेश अध्यक्ष का फोन आया था, जिसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर कुछ विधायकों के परिवारों से बात की और उन्हें नैतिक मूल्यों की याद दिलाई.
मान-सम्मान बनाम विचारधारा
कांग्रेस विधायकों द्वारा मान-सम्मान न मिलने की शिकायतों पर पप्पू यादव ने दोटूक कहा कि 'मान-सम्मान की चिंता दल के विचारधारा से छोटी है. विचारधारा ऊपर है और मान-सम्मान नीचे है.' हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि विधायकों को जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह नहीं मिला, लेकिन सिद्धांत से भटकना गलत तरीका है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


