Patna Railway Station Clash: बिहार में रविवार को एक परीक्षा के चलते राजधानी पटना का पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन अचानक युद्ध का मैदान बन गया. बिहार पुलिस के मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए हजारों अभ्यर्थियों ने स्टेशन पर ऐसा तांडव मचाया कि पुलिस के हाथ-पांव फूल गए. स्पेशल ट्रेन में चढ़ने को लेकर शुरू हुई धक्का-मुक्की देखते ही देखते खूनी संघर्ष, भारी पत्थरबाजी और पुलिस की हवाई फायरिंग में बदल गई.
ADVERTISEMENT
जानें क्यों भड़का छात्रों का गुस्सा?
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध सिपाही (Prohibition Constable) भर्ती परीक्षा के लिए शनिवार देर रात से ही बिहार के कोने-कोने से परीक्षार्थी पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचने लगे थे. अभ्यर्थियों का आरोप है कि रेलवे और सरकार ने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेनों का इंतजाम नहीं किया था. इसी बीच जब पाटलिपुत्र से कटिहार जाने वाली एग्जाम स्पेशल ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आई तो उसमें चढ़ने के लिए परीक्षार्थियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. ट्रेन खचाखच भर गई और सैकड़ों छात्र बाहर ही छूट गए.
इसी बात से नाराज होकर छात्रों ने ट्रेन के आगे ट्रैक पर बैठकर सरकार और रेलवे प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी शुरू कर दी. देखते ही देखते कुछ उपद्रवी तत्वों ने रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया.
रेलवे IG और थाना प्रभारी हुए घायल, पुलिस ने की हवाई फायरिंग
स्टेशन पर बवाल की खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिनमें रेलवे आईजी जितेंद्र राणा और पटना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे. अधिकारियों ने जब छात्रों को समझाने की कोशिश की तो उग्र भीड़ ने उन पर ही पत्थरों की बारिश कर दी. इस अचानक हुई पत्थरबाजी में रेलवे आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी को चोटें आईं और वे घायल हो गए.
हालात पूरी तरह बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने और नियंत्रित करने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग की, जिसके बाद स्टेशन पर भगदड़ मच गई. फायरिंग के बाद काफी देर तक पूरे परिसर में दहशत और तनाव का माहौल बना रहा.
6 गिरफ्तार, 500 अज्ञात उपद्रवियों पर बड़ी FIR
इस भयंकर बवाल के बाद रेल पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की है. मामले में 6 नामजद आरोपियों समेत 500 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. मौके से आधा दर्जन छात्रों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है. फिलहाल पुलिस स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो खंगाल रही है ताकि तोड़फोड़ और पत्थरबाजी करने वाले हर एक उपद्रवी की पहचान की जा सके. स्टेशन पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात है और स्थिति अब नियंत्रण में है.
यह भी पढ़ें: कौन थे प्रिंस यादव? जो खान ग्लोबल स्टडीज पर हमले में नाम आने के बाद चले गए थे नेपाल, अब होटल रूम में मिली लाश
ADVERTISEMENT


