बिहार की राजधानी पटना में बच्चों का भविष्य संवारने का दावा करने वाले दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच की जंग अब कानूनी लड़ाई और सड़कों तक पहुंच चुकी है. 'खान सर' के नाम से मशहूर फैजल खान और 'ज्ञान बिंदु' कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद के बीच का यह विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. जहां पहले इस मामले में रोशन आनंद की गिरफ्तारी हुई थी, वहीं अब एक नए वीडियो के सामने आने के बाद खुद खान सर आरोपों के घेरे में आ गए हैं.
ADVERTISEMENT
रिजल्ट और पोस्टर से शुरू हुई वर्चस्व की लड़ाई
इस पूरे विवाद की जड़ 27 मई को आए बिहार पुलिस भर्ती के रिजल्ट से जुड़ी है. रिजल्ट जारी होने के बाद दोनों ही कोचिंग संचालकों ने अपने-अपने संस्थान से सबसे ज्यादा छात्रों के पास होने के दावे किए. दोनों तरफ से सफल अभ्यर्थियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किए गए और पटना की सड़कों पर बढ़-चढ़कर पोस्टर-बैनर लगाए गए.
30 मई को दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी सफलता का जश्न भी मनाया. लेकिन बात तब बिगड़ गई जब 3 जून की रात को बैनर-पोस्टर हटाने और लगाने को लेकर दोनों खेमे आमने-सामने आ गए. आरोप है कि खान सर (फैजल खान) के स्टाफ ने ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के बोर्ड पर अपना बैनर लगा दिया था, जिसके बाद विवाद भड़क गया.
पत्थरबाजी से लेकर गोलीबारी तक पहुंचा विवाद
3 जून की रात को दोनों गुटों के बीच जमकर बवाल हुआ. बात सिर्फ कहासुनी तक नहीं रही, बल्कि दोनों ओर से भारी तोड़फोड़, पत्थरबाजी और ताबड़तोड़ गोलियां चलीं. इस घटना के बाद शुरुआत में खान सर ने मीडिया के सामने आकर आरोप लगाया था कि उनकी कोचिंग पर करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई और उनके स्टाफ का सिर फोड़ दिया गया. खान सर का दावा था कि कम फीस में ज्यादा बच्चों को पढ़ाने और अच्छे रिजल्ट देने की वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.
रोशन आनंद की गिरफ्तारी और छात्रों का प्रदर्शन
फायरिंग और हंगामे के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया. रोशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद उनके छात्र और समर्थक सड़कों पर उतर आए. छात्रों ने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर जमकर नारेबाजी की और रोशन आनंद की रिहाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया. अपनी गिरफ्तारी पर रोशन आनंद ने कहा, "यह बिहार पुलिस में हमारे शानदार रिजल्ट के खिलाफ एक साजिश है. खान सर और कोल्ड स्टोर के मालिक मिलकर ज्ञान बिंदु को बर्बाद करना चाहते हैं, लेकिन जीत हमेशा सच की होगी."
नए वीडियो के वायरल होने से केस में आया बड़ा ट्विस्ट
इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब घटना का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस नए वीडियो में रोशन आनंद पर आरोप लगाने वाले फैजल खान (खान सर) के निजी गार्ड खुद बंदूक से गोलियां चलाते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं. इस वीडियो साक्ष्य के सामने आते ही पटना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खान सर के दो सुरक्षाकर्मियों (गार्ड्स) को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या गिरफ्तार होंगे खान सर?
शुरुआत में खुद को पीड़ित बताने वाले फैजल खान अब अपने ही गार्ड्स की फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद गंभीर आरोपों से घिर चुके हैं. रोशन आनंद के समर्थक और छात्र अब पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं कि जब खान सर के गार्ड्स की तरफ से सरेआम फायरिंग की बात साबित हो चुकी है, तो पुलिस अब तक खान सर पर मेहरबान क्यों है और उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा?
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस घटना ने पटना के कोचिंग हब की सुरक्षा और गुरुओं के बीच की इस हिंसक होड़ पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT


