राजधानी पटना से सटे दानापुर दियारा क्षेत्र के लोग इन दिनों दोहरी मार झेलने को मजबूर हैं. एक तरफ गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से इलाके में बाढ़ का संकट गहराया हुआ है, तो वहीं दूसरी तरफ बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए जंगली सुअरों ने दियारा में दहशत फैला रखी है. सुअरों के इस खौफनाक हमले में एक मासूम बच्ची की जान चली गई है, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं.
ADVERTISEMENT
पानी भरते समय अचानक हुआ जानलेवा हमला
घटना दानापुर दियारा के गंगहरा इलाके की है. जानकारी के अनुसार, पूनम देवी नामक महिला अपने घर के बाहर लगे चापाकल से पानी भर रही थीं. इसी दौरान बाढ़ के पानी से निकलकर एक खूंखार जंगली सूअर वहां पहुंचा और महिला पर अचानक हमला बोल दिया. जब तक महिला संभल पाती, सूअर ने उन्हें बुरी तरह नोच-नोच कर लहूलुहान कर दिया. इसी इलाके में सुअरों ने एक बच्ची पर भी हमला किया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं एक अन्य महिला भी इस हमले में शिकार होकर जख्मी हुई है.
1200 रुपये देकर नाव से पहुंचे अस्पताल, फिर भी नहीं मिला इलाज
घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने जैसे-तैसे करीब 1200 रुपये में निजी नाव किराए पर ली और बाढ़ का पानी पार करते हुए उन्हें दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. लेकिन परिजनों की मुसीबतें यहीं खत्म नहीं हुईं. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एंटी-रेबीज या जरूरी इंजेक्शन उपलब्ध न होने की बात कहकर मरीज को पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की तरफ से न तो कोई एम्बुलेंस दी गई और न ही प्राथमिक राहत.
प्रशासनिक दावों पर उठे गंभीर सवाल
बाढ़ की विभीषिका के बीच जंगली जानवरों के इस तरह रिहायशी इलाकों में घूमने और हमला करने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. वहीं, अनुमंडल अस्पताल में जरूरी जीवनरक्षक दवाएं और इंजेक्शन उपलब्ध न होने पर परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक दावों पर तीखे सवाल खड़े किए हैं.
ADVERTISEMENT


