पटना के दानापुर में गजब का सीन! बाहर SBI का बोर्ड, अंदर हो रही हेयर कटिंग...ATM के वायरल वीडियो की क्या है सच्चाई?

Patna Viral Video: पटना के दानापुर में एक पुराने SBI ATM को हेयर कटिंग सैलून में बदल दिया गया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जानिए ATM के अंदर चल रहे इस अनोखे सैलून की पूरी सच्चाई, लोगों की मजेदार प्रतिक्रियाएं और बिहार के जुगाड़ की दिलचस्प कहानी.

SBI ATM Viral News
SBI ATM Viral News

सुजीत कुमार

follow google news

Patna News:बिहार अपनी अनोखी कहानियों और जुगाड़ के लिए हमेशा चर्चा में रहता है. सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसी तस्वीरें सामने आती हैं जो लोगों को हैरान कर देती हैं. ताजा मामला राजधानी पटना से सटे दानापुर इलाके का है, जहां एक पुराने एटीएम का ऐसा कायाकल्प हुआ है कि लोग देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं. दानापुर में एक SBI के एटीएम के अंदर अब नोटों की गड़गड़ाहट नहीं, बल्कि ट्रिमर और कैंची की आवाज सुनाई देती है. दरअसल, यहां के एक एटीएम में अब हेयर कटिंग सैलून खुल गया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.

Read more!

एटीएम के बोर्ड ने लोगों को किया भ्रमित

दानापुर की एक छोटी सी गली में स्थित इस एटीएम बूथ के बाहर आज भी बड़े-बड़े अक्षरों में 'SBI ATM' लिखा हुआ है. बाहर से देखने पर यह किसी सामान्य बैंक एटीएम की तरह ही नजर आता है. राह चलते लोग जब जेब से पैसे निकालने की उम्मीद में इस बूथ के अंदर कदम रखते हैं, तो नजारा देखकर दंग रह जाते हैं. अंदर मशीन की जगह शीशा, सैलून वाली कुर्सी, ट्रिमर और एक नाई साहब नजर आते हैं. जो लोग एटीएम में बैलेंस चेक करने आते हैं, वे अब वहां अपना 'बियर्ड शेप' चेक कर रहे हैं.

बैंक ने हटाई मशीन, तो खुल गया सैलून

स्थानीय लोगों और वीडियो से मिली जानकारी के मुताबिक, इस जगह पर पहले वास्तव में एसबीआई का एटीएम संचालित होता था. आसपास के लोग इसी एटीएम से पैसे निकालते थे और दिनभर यहां ग्राहकों की काफी भीड़ रहती थी. हालांकि, किसी कारणवश बैंक ने इस एटीएम को बंद करने का फैसला किया और वहां से अपनी मशीन हटा ली. बैंक ने मशीन तो निकाल ली, लेकिन एटीएम का केबिन, बोर्ड और पूरा सेटअप जस का तस छोड़ दिया. इसके बाद जिस व्यक्ति ने यह जगह किराए पर ली, उसने बिना बोर्ड हटाए वहां सैलून शुरू कर दिया.

'हेयर कटिंग एटीएम' के नाम से हुआ मशहूर

शुरुआत में स्थानीय लोगों के लिए यह समझना थोड़ा मुश्किल था कि एटीएम के अंदर सैलून कैसे चल रहा है, लेकिन धीरे-धीरे यह जगह पूरे इलाके में अपनी पहचान बना चुकी है. अब इसे लोग मजाक में 'हेयर कटिंग एटीएम' कहने लगे हैं. आलम यह है कि युवा अब यहां सिर्फ बाल कटवाने ही नहीं, बल्कि इस अनोखे नजारे के साथ फोटो खिंचवाने और रील बनाने भी पहुंच रहे हैं. यह सैलून अब एक लोकल अट्रैक्शन का केंद्र बन गया है, जहां लोग कैश विड्रॉल नहीं बल्कि हेयर विड्रॉल करने पहुंच रहे हैं.

बिहार की जमीनी सच्चाई और जुगाड़

यह अनोखा सैलून बिहार की उस जमीनी सच्चाई और रचनात्मकता को भी दर्शाता है, जहां लोग बेकार पड़ी चीजों को नया रूप देने में माहिर हैं. जिस बूथ से कभी नोट निकलते थे, आज वहां लोग अपना लुक बदल रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को देखकर कह रहे हैं कि 'बिहार इज नॉट फॉर बिगिनर्स,' क्योंकि यहां की हर गली में एक नई और दिलचस्प कहानी देखने को मिल जाती है. फिलहाल, यह 'एटीएम सैलून' दानापुर ही नहीं बल्कि पूरे इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

यहां देखें वीडियो

BJP विधायक रंजन कुमार के खिलाफ पोस्ट लिखा तो 60 समर्थकों के साथ पहुंचे युवक के घर...फिर जो हुआ, देखें वायरल वीडियो

    follow google news