बिहार की राजधानी पटना के रूपसपुर इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां के 'हिडन विला' होटल में पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने आई एक छात्रा के साथ आधी रात को छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई. घटना के वक्त छात्रा अपने पिता के साथ होटल के कमरे में ठहरी हुई थी. इस वारदात के बाद से पूरे बिहार में लोगों के बीच भारी गुस्सा और आक्रोश देखा जा रहा है. बेटी की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. इस पूरे मामले को लेकर पटना पुलिस के एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उस रात की पूरी हकीकत बयां की है.
ADVERTISEMENT
आधी रात को कमरे का गेट खोलकर घुसा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 23 मई 2026 की मध्य रात्रि लगभग 12:00 बजे की है. पीड़िता बेगूसराय की रहने वाली है और पटना में अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने के लिए आई हुई थी. रात में विश्राम करने के लिए पिता-पुत्री ने रूपसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले होटल 'हिडन विला' में एक कमरा किराए पर लिया था.
आधी रात को आरोपी सत्येंद्र कुमार, जो कि शराब के नशे में पूरी तरह धुत था, ने उनके कमरे का गेट खोला और भीतर दाखिल हो गया. कमरे में घुसते ही उसने छात्रा के साथ छेड़खानी और बदतमीजी शुरू कर दी. इस पर छात्रा के पिता ने तुरंत शोर मचाया और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पुलिस की आपातकालीन सेवा '112' पर फोन कर मामले की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई में जुट गई.
पुलिस ने दर्ज की गंभीर धाराएं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले को लेकर रूपसपुर थाने में कांड संख्या 378/26 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 37, पोक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 8/1, और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 329, 351 व 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान 31 वर्षीय सत्येंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो पटना के शाहपुर थाना क्षेत्र के राजेंद्र दास का बेटा है. पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी के साथ दो से तीन अन्य लोग भी होटल में मौजूद थे, जिनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है. फरार चल रहे इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया है और लगातार छापेमारी की जा रही है.
न सीसीटीवी चालू न स्टाफ वेरिफिकेशन
पुलिस के खुलासे में होटल प्रबंधन की भी एक बड़ी और गंभीर लापरवाही सामने आई है. एसपी ने बताया कि होटल 'हिडन विला' में सुरक्षा मानकों का बिल्कुल भी पालन नहीं किया जा रहा था. जांच में पाया गया कि होटल के सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में नहीं थे, जिससे घटना की कोई लाइव रिकॉर्डिंग नहीं मिल सकी. इसके अलावा, होटल के एंट्री और एग्जिट रजिस्टर को भी सही तरीके से मेंटेन नहीं किया गया था; कुछ प्रविष्टियां दर्ज थीं तो कुछ खाली छोड़ दी गई थीं. सबसे बड़ी बात यह है कि होटल में काम करने वाले कर्मचारियों और स्टाफ का कोई पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था. सुरक्षा नियमों के मुताबिक होटल मालिकों को अपने हर स्टाफ का आधार कार्ड और मूल निवास की जानकारी स्थानीय पुलिस को देनी होती है, जिसका इस होटल में पूरी तरह उल्लंघन किया गया था.
सभी होटलों का होगा सिक्योरिटी ऑडिट
इस पूरी वारदात के बाद पुलिस प्रशासन अब कड़े कदम उठाने की तैयारी में है. हालांकि घटना के वक्त होटल मालिक मौके पर मौजूद नहीं था और शुरुआती जांच में उसकी सीधी संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस लापरवाही को लेकर उसे नोटिस जारी कर विस्तृत पूछताछ करेगी. इसके साथ ही, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होटल को सील करने की प्रक्रिया भी की जा सकती है.
पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं इस होटल में किसी अन्य नाबालिग लड़की को बुलाकर अनैतिक काम तो नहीं कराया जाता था. पुलिस ने साफ किया है कि राजधानी के ऐसे तमाम होटलों का अब अलग से सिक्योरिटी और फायर ऑडिट कराया जाएगा और यह जांचा जाएगा कि उनके पास बिजली व अग्निशमन विभाग की वैध एनओसी है या नहीं. नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों को बंद कराया जाएगा.
पीड़िता के पिता को धमकी की भी जांच!
इस घटना का शिकार हुई छात्रा बेगूसराय की रहने वाली है, जिसके बाद बेगूसराय में भी इस घटना को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है और वहां लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं. लोग सरकार और प्रशासन से बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं. वहीं, पत्रकार द्वारा पूछे गए एक सवाल में यह बात भी सामने आई कि पीड़िता के पिता को खुद को एसएसपी का अधिकारी बताने वाले किसी व्यक्ति द्वारा फोन पर धमकी दी जा रही है. इस पर पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है, लेकिन अगर पीड़ित परिवार इस संबंध में लिखित आवेदन देता है, तो पुलिस उस अज्ञात धमकी देने वाले के खिलाफ भी बेहद सख्त और कानूनी कार्रवाई करेगी.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


