Khan Sir Surrender News: पटना के चर्चित कोचिंग संचालक फैसल खान (खान सर) से जुड़े विवाद में एक नया मोड़ आ गया है. गिरफ्तारी और सरेंडर के बीच अब उनके वकील अरविंद कुमार ने कहा है कि खान सर कोर्ट में सरेंडर नहीं करेंगे. वकील अरविंद कुमार ने पुलिस की FIR को पूरी तरह से प्रतिशोधात्मक कार्रवाई और खान सर को फंसाने की एक सोची-समझी साजिश बताया. उन्होंने कहा कि अब हम अग्रिम जमानत की मांग करेंगे.
ADVERTISEMENT
खान सर के वकील ने क्या बताया?
खान सर के वकील अरविंद कुमार ने कहा, हमारे मुवक्किल के खिलाफ जो FIR दर्ज की गई है, वह प्रतिशोध (रिटैलिएशन) की भावना से दर्ज कराई गई है. दरअसल, 2 जून को खान सर के स्टाफ की ओर से संबंधित कोचिंग संस्थान के डायरेक्टर के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज कराया गया था. इस दौरान जो वीडियो और फोटोग्राफ सामने आए हैं, उनमें दिखाई देने वाले लोग सुरक्षा गार्ड थे.
वकील ने कहा कि उन्होंने केवल सुरक्षा के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की थी. इस घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है. इसके बावजूद बाद में दर्ज की गई FIR में डिस्क्लोजर स्टेटमेंट के आधार पर खान सर का नाम जोड़ दिया गया. हमारा मानना है कि यह उन्हें फंसाने और उनकी छवि खराब करने की साजिश के तहत किया गया है."
कोचिंग के बाहर अज्ञात लोगों ने किया था हमला
गौरतलब है कि इस विवाद की शुरुआत मंगलवार 2 जून की रात को हुई थी. उस रात करीब 15 से 20 अज्ञात हमलावरों ने पटना में सर के कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट के बाहर उपद्रवियों, तोड़फोड़ और पथराव किया था. इसी घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कोचिंग के दो गार्ड कथित तौर पर हवाई फायरिंग करते दिखे थे, जिसपर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को पटना पुलिस ने दोनों गार्डों को हिरासत में ले लिया था.
विरोधी कोचिंग संस्थानों की आपसी जंग तेज
इस पूरी वारदात के बाद पटना के कोचिंग संस्थानों के बीच आपसी जंग और माफियाओं का विवाद खुलकर सामने आ गया है. घटना के तुरंत बाद खान सर ने सीधे तौर पर आरोप लगाया था कि उनके संस्थान पर हमला और तोड़फोड़ करने के पीछे उनके प्रतिद्वंदी यानी विरोधी कोचिंग संचालक की बड़ी साजिश है. वहीं दूसरी तरफ, विरोधी कोचिंग संस्थान ने भी गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और खान सर पर पलटवार करते हुए दावा किया कि खान सर ने खुद सस्ती पब्लिसिटी पाने या किसी अन्य छिपे हुए मकसद को पूरा करने के लिए इस पूरी हिंसक वारदात को खुद ही अंजाम दिलवाया है.
यह भी पढ़ें: Khan Sir Controversy: खान नहीं अभिमान सर होना चाहिए नाम... खान सर के पड़ोसियों ने खोले काले चिट्ठे!
ADVERTISEMENT


