राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक स्थित सुभाष नगर इलाके में गश्त पर निकलीं महिला पुलिसकर्मियों के साथ कुछ मनचलों ने न केवल बदसलूकी की, बल्कि विरोध करने पर एक महिला पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, 'पुलिस दीदी' अभियान के तहत एक महिला सब-इंस्पेक्टर समेत कुल पांच महिला पुलिसकर्मी स्कूटी से इलाके में गश्त कर रही थीं. इसी दौरान सुभाष नगर में सड़क किनारे खड़े तीन अज्ञात युवकों ने महिला पुलिसकर्मियों को देखकर उन पर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां कसनी शुरू कर दीं. जब महिला पुलिसकर्मियों ने इस हरकत का कड़ा विरोध किया और युवकों से जवाब तलब किया, तो बात बहस तक पहुंच गई. देखते ही देखते युवकों के हौसले इतने बढ़ गए कि उनमें से एक ने तैश में आकर महिला पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार दिया. घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
CCTV फुटेज से हुई पहचान, एक आरोपी गिरफ्तार
घटना के सामने आने के बाद रामकृष्ण नगर थाने में 30 सितंबर को मामला (केस नंबर 1047/26) दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान की गई, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी प्रदीप कुमार खुशरूपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. वह सुभाष नगर में एक किराए का मकान लेकर रह रहा था.
बाकी दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी प्रदीप से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि घटना में शामिल उसके अन्य दो साथियों का सुराग मिल सके. रामकृष्ण नगर थाना पुलिस का कहना है कि CCTV साक्ष्यों के आधार पर फरार दोनों आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है.
बिहार MLC चुनाव में महागठबंधन में दिखी रार, 4 सीटों पर आमने-सामने हुई कांग्रेस-राजद
ADVERTISEMENT


