Liquor Case: बेढ़ना में 4 युवकों की मौत, पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे जदयू विधायक अनंत सिंह ने कही ये बातें!

आशीष अभिनव

02 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 2 2026 1:12 PM)

पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत से हड़कंप मचा है. कथित जहरीली शराब से मौत की आशंका के बीच अनंत सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे और न्याय का भरोसा दिया.

Anant Singh
Anant Singh
Google CTA

पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की संदिग्ध मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने बेढ़ना गांव पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया. इस दौरान परिजनों का दर्द देखकर अनंत सिंह भी भावुक नजर आए. विधायक के पहुंचते ही परिजन फूट-फूटकर रोने लगे.

Read more!

परिजनों से मिलकर क्या बोले अनंत सिंह? 

अनंत सिंह ने भी अपना दुख जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि हमारे गृह क्षेत्र के बेढना में चार लोगों की मृत्यु की खबर से मन बेहद व्यथित था. आज शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया. यह चारों परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है. इस कठिन समय में मेरी पूरी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है. पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना मेरी जिम्मेदारी है. इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें.

क्या है पूरा मामला? 

परिजनों ने इलाके में खुलेआम शराब बिकने का आरोप लगाया है और शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या की साजिश की आशंका भी जताई है. वहीं घटनास्थल से शराब की बोतल, मछली और रोटी के अलावा एक अतिरिक्त गिलास मिलने से पुलिस जांच का एंगल और गंभीर हो गया है. इससे पहले बिहार कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे. अब अनंत सिंह ने भी परिवारों से मुलाकात कर मामले में न्याय दिलाने का भरोसा दिया है.

पूरे मामले की जांच में जुटी है पुलिस 

फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले सामान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह पता लगाने में जुटी है. FSL रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि युवकों की मौत किसी जहरीले पदार्थ के कारण हुई या इसके पीछे कोई और वजह थी. फिलहाल बेढ़ना गांव में चार घरों में मातम पसरा है और पूरे इलाके की नजर पुलिस जांच पर टिकी है.

'CM से बात करने की कोशिश की लेकिन...' बेढ़ना में 4 संदिग्ध मौत पर बोले विजय सिन्हा