बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इसी कड़ी में जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता को संबोधित करते हुए मौजूदा सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने जनता से एक बड़ी अपील करते हुए कहा कि नेताओं को सुधारने का एकमात्र तरीका यही है कि उन्हें हर पांच साल में सत्ता से बेदखल किया जाए. उन्होंने बिहार के पिछड़ेपन और बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिहार के 20 लाख से ज्यादा नौजवान आज तमिलनाडु जैसे राज्यों में जाकर फैक्ट्रियों में मजदूरी कर रहे हैं क्योंकि वहां रोजगार है और वहां की जनता ने बदलाव करके नई सरकार बनाई है, जबकि बिहार में लोग 25 साल से एक ही व्यवस्था को ढो रहे हैं.
ADVERTISEMENT
नेताओं के मन में डर पैदा करने के लिए 'पलटना' जरूरी
प्रशांत किशोर ने लोकतंत्र की व्यवस्था को समझाते हुए कहा कि जनता को ज्यादा दिमाग लगाने की जरूरत ही नहीं है कि कौन सा नेता अच्छा है और कौन सा खराब. लोकतंत्र में हर पांच साल में चुनाव का सिस्टम इसीलिए बनाया गया है ताकि जो भी जीतकर आए, उसे अगली बार हटा दिया जाए. ऐसा करने से नेताओं के मन में डर बना रहेगा और वे जनता का काम करने को मजबूर होंगे.
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे पहली बार मुख्यमंत्री बने थे तो लोगों ने कहा कि अच्छा काम किया, दूसरी बार काम कम हुआ, तीसरी बार बिल्कुल कुछ नहीं हुआ और चौथी बार तो वे खुद ही पलायन करके बाहर भाग गए. इसलिए किसी भी नेता पर आंख मूंदकर भरोसा करने के बजाय हर पांच साल में उन्हें बदलते रहना चाहिए.
सरकार को 'नाथने' का मौका है बांकीपुर उपचुनाव
भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जनता ने 202 सीटें जिताकर भाजपा को सरकार में बैठा दिया है और अब यह एक मजबूत बैल की तरह हो गई है. उन्होंने आगाह किया कि अब न तो भ्रष्टाचार रुकने वाला है, न सम्राट चौधरी सुधरने वाले हैं, न शिक्षा में सुधार होगा और न ही रोजगार आएगा. उल्टा अगर जनता आंदोलन करेगी, तो उन पर लाठियां चलाई जाएंगी.
प्रशांत किशोर ने कहा कि जब मजबूत बैल मारने लगता है, तो उसका एक ही उपाय होता है- उसे नाथना पड़ता है. बांकीपुर की जनता के पास इस समय सरकार को नाथने का बेहतरीन मौका है. एक विधायक के हारने-जीतने से सरकार नहीं गिरेगी, लेकिन अगर यहां भाजपा हारती है, तो पटना से लेकर दिल्ली तक के तार झंझना उठेंगे.
वोट की ताकत से रुकेगी महंगाई और तानाशाही
महंगाई और पेट्रोल-डीजल के दामों का जिक्र करते हुए प्रशांत किशोर ने जनता को सचेत किया. उन्होंने कहा कि आज सिलेंडर का दाम चाहे 800 रुपए हो या 8000 रुपए, मोदी जी आपकी बात सुनने वाले नहीं हैं. लेकिन अगर बांकीपुर में भाजपा की हार होती है, तो सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ना रुक जाएंगे.
न्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जब वहां चुनाव चल रहे थे, तब दुनिया में लड़ाई होने के बावजूद पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ रहे थे, लेकिन चुनाव जीतते ही दाम रोजाना बढ़ने लगे. जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है और जो लोग 10,000 रुपए में वोट खरीदकर जनता के बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं, उनका इलाज करना बेहद जरूरी है.
जात और 5 किलो अनाज छोड़कर बच्चों के लिए करें मतदान
भाषण के अंत में प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के मतदाताओं से बेहद भावुक और गंभीर अपील की. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रशांत किशोर के विधायक बनने या किसी अन्य दल के जीतने से बिहार के बच्चों का जीवन नहीं सुधरने वाला है. जनता का जीवन तब सुधरेगा जब वे अपने वोट की असली ताकत को पहचानेंगे.
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अब नेताओं के लिए, अपनी जाति के लिए या फिर 5 किलो मुफ्त अनाज के लिए वोट देना बंद करें. जनता को अपने बच्चों की पढ़ाई, रोजगार और उनके बेहतर भविष्य के लिए मतदान करना चाहिए. यदि इस बार भी गलती हुई, तो अगले चार-पांच सालों तक सरकार अपनी मनमर्जी चलाएगी और विकास का कोई रास्ता नहीं खुलेगा.
यहां देखें वीडियो
Bihar: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भरी हुंकार, जन सुराज के उम्मीदवार पर कही बड़ी बात
ADVERTISEMENT


