पटना यूनिवर्सिटी (PU) छात्र संघ चुनाव का माहौल गरमा गया है, लेकिन इसी बीच एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अनुष्का को सोशल मीडिया पर अश्लील (Nude) फोटो और वीडियो भेजे जा रहे हैं. इतना ही नहीं, उन्हें रेप और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है. इस मामले को लेकर अनुष्का ने साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
ADVERTISEMENT
'हौसला तोड़ने के लिए किया जा रहा मानसिक टॉर्चर'
अनुष्का ने बताया कि जब से एबीवीपी ने उन्हें अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है, तभी से कुछ लोग उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अनजान आईडी से बेहद आपत्तिजनक और न्यूड फोटो भेजे जा रहे हैं. अनुष्का ने कहा, 'अगर आप किसी लड़की को चुनावी मैदान में नहीं हरा सकते, तो उसके कैरेक्टर पर वार करना और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना कायरता है.'
रेप और गोली मारने की धमकी
साइबर थाने पहुंची अनुष्का ने बताया कि अश्लील तस्वीरों के साथ-साथ उन्हें टेक्स्ट मैसेज में रेप और गोली मारने की धमकियां भी मिल रही हैं. उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान भी उनके साथ बदसलूकी की गई है. प्रचार के दौरान उनके हाथों से पोस्टर और प्रचार के पर्चे छीन लिए गए और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई. अनुष्का का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह इन हरकतों से परेशान होकर भावुक नजर आ रही थीं.
'न डरी हूं, न डरूंगी...' अनुष्का की खुली चुनौती
धमकियों और मानसिक प्रताड़ना के बावजूद अनुष्का ने हार मानने से साफ इनकार कर दिया है. उन्होंने गरजते हुए कहा, 'गोली मारने या रेप की धमकी देने से मैं डरने वाली नहीं हूं. तुम लोग मुझे गिराने के लिए जितना दम लगाना है लगा लो, मेरा हौसला और बुलंद होगा. मैं लाखों लड़कियों की आवाज बनकर आई हूं और अंतिम समय तक लड़ती रहूंगी.' उन्होंने आरोपियों को उनके संस्कारों का लिहाज करने की नसीहत भी दी.
साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
अनुष्का ने साइबर थाने में संदिग्ध इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी के स्क्रीनशॉट और नाम पुलिस को सौंप दिए हैं. पुलिस ने आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस उन आईडी को ट्रैक कर रही है जिनसे ये आपत्तिजनक कंटेंट भेजे गए थे.
क्या है छात्र संघ चुनाव का शेड्यूल?
पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ का चुनाव 28 फरवरी को है. 26 फरवरी शाम 4:30 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा और फिर 28 को सुबह 8:30 से 2:30 तक वोटिंग की प्रक्रिया होगी. फिर पटना आर्ट्स कॉलेज में वोटों की गिनती होगी और 28 फरवरी देर रात कर चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

