Roshan Anand on Khan Sir: बिहार में जेल से बाहर आने के बाद ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के रौशन आनंद सर ने 'बिहार तक' से एक्सक्लूसिव बातचीत की है. इस इंटरव्यू में उन्होंने फैजल खान (खान सर) पर अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया है. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि जेल के अंदर उनकी भी जान लेने की पूरी प्लानिंग कर ली गई थी. आपको बता दें कि रौशन आनंद के छोटे भाई की नेपाल के विराटनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत हो गई थी. इसके ये मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है.
ADVERTISEMENT
"जेल के अंदर खान सर के गार्ड्स रच रहे थे मेरी हत्या की साजिश"
रौशन आनंद ने बिहार तक के साथ बातचीत में खुलासा करते हुए कहा कि "साजिश के तहत पहले मुझे जेल में डलवाया गया और फिर पीछे से मेरे भाई की हत्या करवा दी गई. उन्होंने कहा कि जब मैं जेल के अंदर था तब भी मेरी हत्या की साजिश रची जा रही थी." उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि फैजल खान (खान सर) के दो गार्ड्स जेल के अंदर उन्हें लगातार धमका रहे थे और उन्हें खत्म करने की साजिश बुन रहे थे. रौशन आनंद ने कहा, "जेल प्रशासन ने मेरा काफी सहयोग किया और उनकी वजह से ही आज मैं सही-सलामत और जिंदा बाहर आ पाया हूं, वरना जेल के अंदर ही मेरा काम तमाम कर दिया जाता."
"खान सर शिक्षक नहीं, बल्कि गुंडा हैं"
बेहद भावुक और गुस्से में नजर आ रहे रौशन आनंद ने खान सर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "फैजल खान दूसरों के कंधों पर बंदूक रखकर चलाता है. उसने पटना के कई बेहतरीन शिक्षकों और लाइब्रेरी चलाने वालों को बर्बाद कर दिया है. अगर नैतिकता के आधार पर देखा जाए, तो वो कोई टीचर नहीं है, वो एक गुंडा है." खान सर के पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताने वाले वीडियो पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, "पहले खुद साजिश रचकर मुझे जेल भिजवाया, भाई की हत्या करवाई, और अब वीडियो बनाकर कैसी संवेदना जता रहे हैं?"
न्यायपालिका और डबल इंजन सरकार पर भरोसा
रौशन आनंद ने बताया कि फिलहाल वह अपने भाई के दाह संस्कार में शामिल होने जा रहे हैं, इसलिए वह पूरी बात विस्तार से बाद में रखेंगे. हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि वो पीछे हटने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा, "मुझे बिहार की डबल इंजन सरकार और देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. मैं अपने भाई की हत्या का पर्दाफाश करके रहूंगा और छात्रों के बीच अपनी पढ़ाई भी जारी रखूंगा."
ADVERTISEMENT


