Roshan Anand on Khan Sir: बिहार के चर्चित यूट्यूबर और शिक्षक खान सर (फैजल खान) एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गए हैं. जेल से बाहर आते ही रोशन आनंद ने खान सर पर बेहद संगीन और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं. रोशन आनंद ने सीधे तौर पर कहा है कि उनके भाई की हत्या के पीछे कोई और नहीं, बल्कि खान सर यानी फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक आर एस प्रसाद का हाथ है. रौशन सर ने कहा कि उनका नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि मेरे भाई मार दिया गया है और आज मेरे समर्थकों को मेरा भाई बनना पड़ेगा और इंसाफ के लिए लड़ना होगा.
ADVERTISEMENT
"मैं जेल गया और भाई को मार दिया..."
जेल से बाहर निकलते ही मीडिया कैमरों के सामने रोशन आनंद का गुस्सा और दर्द फूट पड़ा. उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक आर एस प्रसाद ने मिलकर एक बड़ा षड्यंत्र रचा और हमारे भाई की हत्या करवा दी. जब मैं बाहर था, तब तक मेरे भाई को कुछ नहीं हुआ था. लेकिन जैसे ही मुझे साजिश के तहत जेल भेजा गया, पीछे से मेरे भाई की हत्या कर दी गई. यह पूरी तरह से एक सोची-समझी साजिश है."
इससे पहले क्या बोले थे खान सर?
हालांकि, इससे पहले खान सर ने एक वीडियो जारी कर प्रिंस यादव की मौत पर दुख जताया था. उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा था कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. उन्होंने रौशन आनंद और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह उनके साथ खड़े हैं और हरसंभव मदद के लिए तैयार हैं. खान सर ने यह भी कहा था कि ऐसी दर्दनाक घटना किसी के साथ नहीं होनी चाहिए, चाहे वह उनका सबसे बड़ा विरोधी ही क्यों न हो.
अपने वीडियो संदेश में खान सर ने जांच को लेकर कुछ सवाल भी उठाए थे. उन्होंने कहा था कि घटना के समय प्रिंस यादव के साथ मौजूद लोगों और उनके संपर्क में रहे लोगों की भी गहराई से जांच की जानी चाहिए. उनके मुताबिक, अगर इस मामले में किसी साजिश या तीसरे एंगल की संभावना है तो उसे भी पूरी तरह सामने लाया जाना चाहिए.
फिलहाल प्रिंस यादव की मौत की गुत्थी अब भी नहीं सुलझी है. परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है. वहीं इस मामले की जांच कर रही एजेंसियों की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.
क्या है पूरा कोचिंग विवाद?
इस विवाद की शुरुआत 2 जून की रात हुई थी. उस रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में मारपीट और हमले का मामला सामने आया था. कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर ने आरोप लगाया था कि ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद ने इस हमले और फायरिंग की साजिश रची थी. शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और रौशन आनंद समेत कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. बाद में रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. इसी बीच नेपाल के एक होटल में उनके भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद ये मामला और भी अधिक सुर्खियों में आ गया.
ADVERTISEMENT


