राज्य में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाने से बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां नेशनल हाईवे 28 (NH 28) पर पगड़ा गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई. इस हादसे के बाद वहां जो नजारा देखने को मिला, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. कार पलटने के बाद उसमें मौजूद शराब को लूटने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. देखते ही देखते चंद मिनटों में कार में भरा शराब का पूरा स्टॉक साफ हो गया और यह घटना अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
ADVERTISEMENT
बारिश के कारण अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, एनएच 28 से होकर एक कार समस्तीपुर से बरौनी की दिशा में जा रही थी. इस दौरान इलाके में काफी तेज बारिश हो रही थी. जैसे ही कार पगड़ा चौक के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया. कार सड़क से फिसलते हुए सीधे किनारे बने एक गहरे गड्ढे में जा गिरी. घटना के तुरंत बाद पकड़े जाने के डर से कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए.
गड्ढे से आने लगी बदबू, सच सुनते ही टूट पड़े लोग
हादसे की आवाज सुनकर और कार को गड्ढे में गिरा देख स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई. इसी दौरान गड्ढे के अंदर से शराब की तेज बदबू आने लगी. उत्सुकतावश जब एक युवक नीचे उतरकर कार के पास गया, तो उसने देखा कि कार के अंदर शराब के टेट्रा पैक भरे पड़े हैं. यह खबर जैसे ही भीड़ में फैली, वहां मौजूद लोगों में शराब लूटने की होड़ मच गई. जिसे जितना मिला, वह हाथों में और कपड़ों में भरकर शराब के टेट्रा पैक लेकर भागता हुआ नजर आया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग किस तरह बेखौफ होकर शराब के पैकेट उठा रहे हैं. महज कुछ ही मिनटों में लोगों ने पूरी कार खाली कर दी.
खाली कार देख पुलिस हैरान, अब छापेमारी की तैयारी
जब घटना की सूचना पाकर दलसिंहसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तो कार में एक भी शराब की बोतल नहीं बची थी. इसके बाद पुलिस ने क्रेन मंगवाकर और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार को गड्ढे से बाहर निकाला. दलसिंहसराय के अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार से पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने शराब लूट ली थी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे उठाई गई शराब खुद लौटा दें.
पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो के आधार पर शराब लूटने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और छापेमारी कर शराब बरामद होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही कार के रजिस्ट्रेशन नंबर और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए कार में सवार शराब तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है.
पप्पू यादव अचानक बीच मझधार में फंसे, नाव का इंजन भी बंद, ऐसे हुए रेस्क्यू !
ADVERTISEMENT


