बिहार के समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के चकौती गांव में एक अनोखी और विवादित शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यहां एक महिला ने अपने पति और बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी (रिश्ते में देवर) के साथ नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया. हालांकि, इस फैसले के बाद गांव में भारी बवाल हो गया और मारपीट में 5 लोग घायल हो गए.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, चकौती गांव के रहने वाले राजेश कुमार की शादी साल 2018 में खुशबू कुमारी से हुई थी. दोनों के दो बच्चे भी हैं. लेकिन पिछले कुछ समय से खुशबू का प्रेम प्रसंग गांव के ही एक युवक मनीष कुमार से चल रहा था, जो रिश्ते में उसका देवर लगता है. जब इस बात की भनक पति और गांव वालों को लगी, तो मामला पंचायत तक पहुंच गया.
पति के सामने भरी मांग, बच्चों को छोड़ा
पंचायत के दौरान काफी देर तक हंगामा चला. अंत में देवर और भाभी दोनों ने साथ रहने की जिद की. चौंकाने वाली बात यह रही कि खुशबू का पति राजेश भी इस शादी के लिए राजी हो गया. भरी पंचायत में मनीष ने खुशबू की मांग में सिंदूर भरा और उसे अपनी पत्नी स्वीकार कर लिया. पंचायत के फैसले के अनुसार, खुशबू के दोनों बच्चों को उसके पहले पति राजेश के हवाले कर दिया गया और मनीष-खुशबू को गांव छोड़ने को कह दिया गया.
शादी के बाद हुआ 'खूनी खेल'
पंचायत में शादी तो संपन्न हो गई, लेकिन मनीष के परिवार वाले इस रिश्ते से खुश नहीं थे. जैसे ही मनीष और खुशबू गांव से निकले, नाराज रिश्तेदारों और परिजनों ने मनीष के बड़े भाई के घर पर हमला बोल दिया. इस हिंसक झड़प में मनीष के भाई, मां और बहन समेत कुल 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में चल रहा है.
पीड़ित भाई का कहना है कि उन्होंने मनीष को घर से निकाल दिया था, फिर भी उन पर जानलेवा हमला किया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर इस अनोखी शादी का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: Bihar Weather Update: बिहार में आज फिर बरसेंगे बादल, 8 जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी!
ADVERTISEMENT


