बिहार का समस्तीपुर जिला इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है. जमुई जिले के बाद सामने आई समस्तीपुर की घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है. मामले की गंभीरता को देखते पुलिस-प्रशासन भी एक्टिव है और लगातार कार्रवाई कर रही है. आरोपियों को जेल भेजने के बाद अब प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की है. मामले में गिरफ्तार 3 आरोपियों के द्वारा अतिक्रमण कर अवैध निर्माण पर आज एसडीओ के आदेश पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई है. वही मुख्य आरोपी विकास शर्मा को अवैध निर्माण दो दिनों के अंदर हटा लेने का नोटिस जारी किया गया है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
एक्शन में पुलिस-प्रशासन
बता दें कि मामले में 24 सितंबर को ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. लेकिन जिला प्रशासन की कार्रवाई नहीं रुकी है. 25 सितंबर को तीन आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है. तीन आरोपी राहुल कुमार(19) पिता अरुण पासवान, अवधेश पासवान(46) पिता नेवालाल पासवान और रामबाबू सहनी (38) पिता महेश्वर सहनी के परिजनों के द्वारा सड़क के किनारे सरकारी जमीन को अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कराया गया था. सदर एसडीओ राकेश कुमार बर्नवाल के निर्देश पर दिन में बुलडोजर के साथ काफी संख्या में पुलिस चारों आरोपियों के घर पहुंची थी. इसके बाद बुलडोजर से अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया.
वहीं मुख्य आरोपी विकास शर्मा 32 पिता राम सुदेश शर्मा के द्वारा अतिक्रमण कर पक्का मकान का निर्माण कराया गया था. इसलिए उसे अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिया गया और 2 दिनों का समय दिया गया है. अगर विकास शर्मा के परिजनों के द्वारा पक्का निर्माण को नहीं हटाया गया तो बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावे एसडीओ राकेश कुमार ने बड़ा कदम उठाते हुए आरोपी अवधेश पासवान जो कि पीडीएस (राशन) डीलर है उसके लाइसेंस को रद्द कर दिया है.
सदर एसडीओ राकेश कुमार ने दी ये जानकारी
सदर एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि नाबालिग लड़की के कांड में जेल गए आरोपियों के बारे में जानकारी मिली थी की इन लोगों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध रूप से निर्माण कराया गया था. इसे लेकर शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के साथ काफी संख्या में पुलिस और बुलडोजर भेजा गया था. तीन आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई है. एक मुख्य आरोपी विकास शर्मा का पक्का मकान होने के वजह से दो दिनों का समय दिया गया है, अगर निर्माण नही हटाया गया तो बुलडोजर से तोड़कर हटा दिया जाएगा. एसडीओ ने बताया कि अवधेश पासवान सरकारी राशन दुकान का डीलर था इसकी जानकारी मिलते ही उसके लाइसेंस को रद्द कर दिया गया है.
एडीजी पहुंचे समस्तीपुर, कार्रवाई की समीक्षा की
जमुई के बाद समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी कांड में पुलिस के द्वारा त्वरित कार्रवाई कर चार आरोपियों को जेल भेजे जाने के मामलें को लेकर एडीजी समस्तीपुर पहुंच कर पुलिस के द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई. एडीजी डॉ. कमल किशोर ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद कहा कि इस तरह की घटना को लेकर राज्य सरकार संवेदनशील है. यहां पर जो कार्रवाई होना था, वह हो चुकी हैं. अब हम इस पर ध्यान दे रहे हैं कि इसे और आगे कैसे बढ़ाया जाए कि ताकि हम स्पीड ट्राइल करके जो दोषी लोग हैं उनको सजा दे सकें. बाकी जिला प्रशासन ने बहुत ही अच्छा काम किया है. उसकी भी समीक्षा हमने की है डीएम एसपी दोनों के साथ हमारी बात हुई है. इस प्रकार की घटना कैसे रुके उसपर व्यापक निर्णय लिया गया.
23 सितंबर को वायरल हुआ था वीडियो
बता दें कि कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर में पिछले 15 सितंबर को एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी के साथ अशब्द टिप्पणी करने का वीडियो 23 सितंबर को सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ था. इसमें समस्तीपुर की पुलिस एक्शन लेते हुए 23 सितंबर की देर रात चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 24 सितंबर को मेडिकल कराने के बाद न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया था.
समस्तीपुर में लड़की से बदसलूकी मामले में गिरफ्तार 4 आरोपियों ने दी सफाई, कैमरे पर कही ये बातें!
ADVERTISEMENT


