Samastipur Chachi Bhatija Marriage News: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान करने का मामला सामने आया है. मामला हसनपुर इलाके का है. आरोप है कि यहां एक पंचायत ने कानून को ताक पर रखकर अजीबोगरीब फैसला सुना दिया. दरअसल, आरोप है कि यहां लोगों ने मिलकर एक शादीशुदा भतीजे की उसकी ही सगी चाची और पांच बच्चों की मां से जबरदस्ती शादी करवा दी. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. क्या है ये पूरा मामला, आखिर क्यों पंचायत ने भतीजे की चाची से शादी करवाई. चलिए विस्तार से जानते हैं इस खबर में...
ADVERTISEMENT
पहले जानें कैसे हुई मामले की शुरुआत?
इस मामले की शुरुआत कुछ साल पहले हुई थी. महिला की शादी करीब 8 साल पहले हुई थी. इसके बाद उसके उसके पांच बच्चे हुए. इनमें चार बेटे और एक बेटी शामिल हैं. इस बीच बच्चों का पालन पोषण करने और परिवार का खर्च चलाने के लिए पति दूसरे प्रदेश में नौकरी करने के लिए चला गया. इस दौरान घर पर पत्नी अकेली थी. ऐसे में पति ने मदद के लिए अपने शादीशुदा भतीजे पर भरोसा जताया. लेकिन .लेकिन भतीजे ने अपने चाचा के भरोसे का कत्ल कर दिया. इस दौरान धीरे-धीरे चाची और भतीजे के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. अब घर पर भतीजे का आना-जाना पहले के मुकाबले बढ़ गया.
पति के लौटते ही खुला राज, बुलाई गई पंचायत
इस बीच पति वापस अपने घर लौटा तो उसे दोनों के बीच अवैध संबंध होने का शक हुआ. धीरे-धीरे यह बात पूरे गांव में फैल गई. ऐसे में लोकलाज के डर से गांव के लोगों और पड़ोसियों ने मिलकर रविवार को एक पंचायत बुलाई. पंचायत में चाची और भतीजे दोनों को सबके सामने पेश कर उनसे पूछताछ की गई.
पंचायत का तुगलकी फरमान और जबरन शादी
पंचायत के सामने भतीजा और चाची दोनों ने ही अपने रिश्ते की बात से साफ इनकार कर दिया. दोनों की बातें सुनकर पंचों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. वे खरी-खोटी सुनाने लगे. इसके बाद पंचायत ने मैरेज एक्ट के नियमों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया. पति के मौन समर्थन के बीच पंचों ने दबाव बनाकर शादीशुदा भतीजे से उसकी चाची की मांग में सिंदूर डलवा दिया.
मौके पर पहुंची पुलिस, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
इन सब तमाशे के बीच किसी ने इस बात की जानकारी पुलिस को दे दी. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही पंचों ने जबरन शादी की रस्म पूरी करवा दी थी. पुलिस ने मौके पर आकर दोनों को सुरक्षित हसनपुर थाने पहुंचाया. पूछताछ के बाद महिला को उसके पिता के पास भेज दिया गया है, जबकि भतीजे से पूछताछ जारी है. थानाध्यक्ष सुनील कांत ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अब सवाल यह उठ रहा है कि भतीजे की पहली पत्नी और महिला के पांच बच्चों का आगे क्या होगा.
ADVERTISEMENT


