Kishanganj Murder Case: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी अंतर्गत बागडोगरा के एक चाय बागान में बीते 14 जुलाई की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां काम करने पहुंचे मजदूरों को एक युवक की लाश मिली. हैरान करने वाली बात यह थी कि मृतक के शरीर से सिर (मुंडी) पूरी तरह गायब था. स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की तहकीकात शुरू की गई.
ADVERTISEMENT
बिहार के किशनगंज से जुड़े हत्या के तार
पुलिस ने जब गहन छानबीन शुरू की तो इस खौफनाक हत्याकांड के तार बिहार के किशनगंज जिले से जुड़े पाए गए. मृतक की पहचान इमाम के रूप में हुई, जो पेशे से एक तांत्रिक था और किशनगंज का निवासी था. पुलिस जांच आगे बढ़ते हुए जब मृतक की पत्नी मोमीना बेगम तक पहुंची, तो शुरुआती पूछताछ में वह पति की मौत पर रोती-बिलखती नजर आई. लेकिन पुलिस को उसकी बातों पर संदेह हुआ. जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो रिश्तों को कलंकित करने वाली एक खौफनाक हकीकत सामने आई.
7 साल का अफेयर और 10 साल की शादी का खौफनाक अंत
पुलिसिया जांच में यह खुलासा हुआ कि इमाम और मोमीना बेगम की शादी को 10 साल हो चुके थे. हालांकि, मोमीना का पिछले 7 वर्षों से सुदीप नाम के एक लड़के के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर (अवैध संबंध) चल रहा था. इमाम को इस बात की पूरी जानकारी थी और वह लगातार अपनी पत्नी को समझाते हुए सुदीप से दूर रहने की हिदायत देता था. पति का यह विरोध पत्नी और उसके प्रेमी को नागवार गुजरा. उन्हें लगा कि इमाम उनके रिश्ते के बीच बाधा बन रहा है, जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
बीमारी का बहाना बनाकर 95 KM दूर बुलाया
साजिश के तहत मोमीना बेगम ने अपने पति इमाम को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत बेहद खराब है. पत्नी की बात सुनकर इमाम घबरा गया और उससे मिलने के लिए किशनगंज से करीब 95 किलोमीटर दूर बागडोगरा पहुंच गया. उसे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि वह अपनी पत्नी की बीमारी से नहीं, बल्कि अपनी मौत से मिलने जा रहा है.
जैसे ही इमाम वहां पहुंचा, सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर मोमीना के प्रेमी सुदीप, उसके दो भतीजों और एक दोस्त ने मिलकर इमाम पर हमला कर दिया. इन पांचों आरोपियों ने मिलकर इमाम को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया.
48 घंटे बाद बरामद हुआ कटा हुआ सिर
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने इमाम के धड़ को बागडोगरा के चाय बागान में फेंक दिया, जबकि उसके कटे हुए सिर को वहां से करीब 5 किलोमीटर दूर एक चारदीवारी से घिरे सुनसान इलाके में ले जाकर छुपा दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद उनकी निशानदेही पर घटना के करीब 48 घंटे बाद मृतक इमाम का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया है.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
यह भी पढ़ें: शर्ट, अंडरवियर और मिठाई के डिब्बे में छिपाई शराब... कटिहार से पटना पढ़ने आया छात्र बन गया तस्कर, ऐसे पकड़ाया
ADVERTISEMENT


