Begusarai Flood: बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे Sonu Sood, नाव से पहुंचकर बांटे चावल के पैकेट

इन्द्र मोहन

• 03:12 PM • 22 Sep 2026

बेगूसराय में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अभिनेता सोनू सूद मटिहानी पहुंचे. उन्होंने नाव के जरिए बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और लोगों के बीच चावल के पैकेट बांटे.

NewsTak
Google CTA

बेगूसराय में बाढ़ का पानी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है. इसी बीच फिल्म अभिनेता सोनू सूद बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जिले के मटिहानी इलाके में पहुंचे. उन्होंने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के साथ जरूरतमंद लोगों के बीच राहत सामग्री भी बांटी. मटिहानी प्रखंड के सीहमा पथला टोल और रामदीरी पहुंचने के लिए सोनू सूद को सड़क के बाद नाव का सहारा लेना पड़ा. वह पहले पैदल चलकर उस जगह तक पहुंचे जहां नाव खड़ी थी. इसके बाद नाव पर सवार होकर बाढ़ के पानी के बीच कई किलोमीटर का सफर किया.

Read more!

सैकड़ों परिवारों को दिया 10 किलो चावल

सीहमा पथला टोल में पहुंचने के बाद सोनू सूद ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने सैकड़ों लोगों को 10 किलो चावल के पैकेट दिए. राहत सामग्री लेने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां पहुंचे थे. सोनू सूद ने खुद लोगों के बीच चावल के पैकेट वितरित किए और बाढ़ से पैदा हुई परेशानियों के बारे में भी जानकारी ली.

'बिहार के लोग मेरे दिल में बसते हैं'

बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत पहुंचाने के दौरान सोनू सूद ने पत्रकारों से बातचीत की. उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों से उनका खास जुड़ाव है और आपदा के समय वह यहां के लोगों की मदद करने की कोशिश करते हैं. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि बाढ़ की स्थिति में जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं. उनका कहना था कि मुश्किल समय में एक-दूसरे की मदद करना जरूरी है.

हर साल बाढ़, स्थायी समाधान पर उठाया सवाल

बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ को लेकर सोनू सूद ने स्थायी समाधान की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे होंगे, लेकिन हर साल बाढ़ आने से बड़ी आबादी प्रभावित होती है. उन्होंने बाढ़ से बचाव के लिए बांध और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की जरूरत बताई, ताकि लोगों को बार-बार ऐसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े.

तेघरा में भी पहुंचेगी राहत सामग्री

मटिहानी के बाद सोनू सूद की ओर से तेघरा प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी राहत सामग्री वितरित की जाएगी. इसके लिए बड़ी मात्रा में चावल के पैकेट बेगूसराय लाए गए हैं. जानकारी के मुताबिक करीब 15 पिकअप वाहनों में राहत सामग्री लेकर टीम बेगूसराय पहुंची है. इस अभियान के दौरान भाजपा नेता आशुतोष सिंह और स्थानीय लोग भी सोनू सूद के साथ मौजूद रहे.

बिहार में EOU का बड़ा एक्शन: भवन निर्माण निगम के GM के 4 ठिकानों पर रेड, 3.12 करोड़ से ज्यादा की काली कमाई का खुलासा