Tej Pratap Yadav: NEET पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बिहार की राजनीति अचानक गरमा गई है. जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शनकारी युवती की भावुक अपील और पटना से लेकर भागलपुर तक हुए उग्र प्रदर्शनों के बाद अब राज्य में बड़े जनआंदोलन की तैयारी शुरू हो चुकी है. NEET पेपर लीक मामले को लेकर देश भर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच अब तेज प्रताप यादव ने CJP नेता अभिजीत दिपके से बिहार आने की अपील की है. दरअसल, तेज प्रताप यादव ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है. इसमें उन्होंने अभिजीत दिपके से प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
तेज प्रताप यादव का 'X' पर बड़ा ऐलान
जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक्स पोस्ट में कहा है कि बिहार की जनता सम्राट चौधरी की सरकार के कामकाज से पूरी तरह परेशान हो चुकी है. उन्होंने अभिजीत दिपके से जनता की मजबूत आवाज बनने और बिहार पहुंचकर जनआंदोलन का नेतृत्व करने का आग्रह किया. तेज प्रताप ने भरोसा दिलाया कि वे और उनकी पार्टी इस लड़ाई में दिपके के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे. तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में कहा कि ''मैं, तेज प्रताप यादव, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके से यह विशेष अपील करता हूं कि वे अविलंब बिहार की धरती पर आएं.
बिहार की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए आज एक कड़े और मजबूत जनांदोलन की आवश्यकता है. मैं उनसे आग्रह करता हूँ कि वे बिहार आकर यहाँ की जनता की आवाज़ बनें और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करें.
इस परिवर्तन की लड़ाई में मेरी पार्टी जनशक्ति जनता दल और मेरे समर्थकों का पूर्ण और अटूट समर्थन उनके साथ रहेगा. बिहार के बेहतर भविष्य और जनहित के लिए जो भी कड़े कदम उठाने होंगे, उसमें हम कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे.''
जंतर-मंतर पर रोती युवती की अपील और CJP का फैसला
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला था. वहां मौजूद एक युवती ने रोते हुए अभिजीत दिपके से बिहार आने की गुहार लगाई थी और सम्राट सरकार पर राज्य को बर्बाद करने का आरोप लगाया था. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दिपके ने साफ किया था कि दिल्ली का प्रदर्शन खत्म होते ही उनकी पार्टी का अगला पड़ाव बिहार होगा.
सड़कों पर उतरे छात्र, पुलिस और प्रदर्शनकारियों में भिड़ंत्र
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और पेपर लीक के विरोध में पटना, औरंगाबाद, छपरा और भागलपुर सहित बिहार के कई हिस्सों में उग्र प्रदर्शन देखने को मिले. पटना में छात्रों का समर्थन करने पहुँचे तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में भी लिया. हालांकि, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की घोषणा के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना मौजूदा प्रदर्शन समाप्त करने का ऐलान कर दिया है.
ADVERTISEMENT


